नोएडा में सनसनीखेज वारदात : निर्माणाधीन हॉस्टल में सिर कूचलकर दो मजदूरों की हत्या, साथी फरार
नोएडा। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर जिले के नॉलेज पार्क थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन हॉस्टल में काम कर रहे दो मजदूरों की कथित तौर पर सिर कुचलकर हत्या कर दी गयी। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच के लिए चार टीमें गठित की है। पुलिस के अधिकारी ने इसकी जानकारी दी।
पुलिस उपायुक्त (जोन तृतीय) डॉ. प्रवीन रंजन सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मेरठ निवासी शीशपाल (42), इंदर (45) और अभिषेक तीन दिन पहले सीताराम संस्थान के पास स्थित निर्माणाधीन हॉस्टल में माली का काम करने आए थे और तीनों हॉस्टल परिसर के एक कमरे में रह रहे थे। उन्होंने बताया कि बृहस्पतिवार रात तीनों ने साथ बैठकर खाना खाया था। इसी दौरान किसी बात को लेकर उनके बीच विवाद हो गया। शुक्रवार सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कमरे में दो लोग मृत पड़े हैं।
उन्होंने बताया कि मौके पर पहुंची पुलिस ने शीशपाल और इंदर के शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजे, प्रारंभिक जांच में दोनों के सिर पर भारी वस्तु से वार कर हत्या किए जाने की आशंका जताई गई है। डीसीपी के अनुसार, तीसरा साथी अभिषेक मौके से फरार है और पुलिस को उस पर हत्या का संदेह है। हालांकि, पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात में कोई और व्यक्ति शामिल था या नहीं।
घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही पुरानी रंजिश समेत अन्य पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस ने बताया कि मृतकों के परिजनों को सूचना दे दी गई है और उनसे पूछताछ के बाद मामले में अहम जानकारी मिलने की उम्मीद है।
