विद्या बालन को आई इमरान खान की याद, द लास्ट टेनेंट में अदायगी को देखकर बोलीं-सबसे नैचुरल एक्टर
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री विद्या बालन की हाल ही में यू-ट्यूब पर एक शॉर्ट फिल्म 'द लास्ट टेनेंट' रिलीज़ हुई है, जिसमें उनके को-स्टार इरफ़ान खान हैँ। विद्या बालन की यह फिल्म 25 साल पहले शूट हुई थी, जिसे उन्होंने अपने करियर के शुरुआती दौर में शूट किया था। हालांकि तब यह फिल्म रिलीज़ नहीं हो पाई थी। अब जब 25 साल बाद यह फिल्म यू-ट्यूब पर आई है, तो इसे देखकर दर्शकों के साथ खुद विद्या बालन भी बेहद भावुक हो गई हैं।
इतने लम्बे समय बाद रिलीज़ हुई इस फिल्म को देखकर भावुक विद्या ने अपने दर्शकों के साथ अपने करियर के शुरुआती संघर्षों से जुड़ी यादों को बेहद खूबसूरती से साझा किया है। सोशल मीडिया पर एक इमोशनल नोट शेयर करते हुए विद्या ने बताया है कि उस दौर में उनके साथ कई निराशाजनक घटनाएं हुई थीं। उनकी पहली मलयालम फिल्म 'चक्रम' बंद हो गई थी और अगले तीन सालों में उन्हें लगभग एक दर्जन फिल्मों से रिप्लेस कर दिया गया था।
ऐसे में 'द लास्ट टेनेंट' भी उन अधूरी यादों का हिस्सा बन गई थी, जिन्हें वह पीछे छोड़ देना चाहती थीं। गौरतलब है कि इन भावुक यादों के साथ एक बार फिर इस फिल्म को दोबारा देखना विद्या के लिए इसलिए भी खास है, क्योंकि इसमें उनके साथ दिवंगत अभिनेता इरफ़ान खान थे, जिनके अभिनय की तारीफ करते हुए विद्या ने उन्हें 'सबसे नैचुरल एक्टर' बताया है।
विद्या ने अपने पोस्ट में लिखा है,मैंने पहली बार 'द लास्ट टेनेंट' देखी, क्योंकि मैंने इसकी शूटिंग 25 साल पहले की थी। किसी वजह से यह फिल्म कभी रिलीज़ नहीं हो पाई। यह वह समय था जब मेरे हाथ लगने वाली कोई भी चीज़ पूरी नहीं हो रही थी। मेरी पहली मलयालम फिल्म 'चक्रम' बंद हो गई थी, और उसके बाद तीन सालों तक मुझे लगभग दर्जन भर फिल्मों से रिप्लेस कर दिया गया था। फिर धीरे-धीरे मैंने उन सभी चीजों की तरह इसे भी भूल जाना बेहतर समझा।"
विद्या बालन ने पोस्ट में अपनी बात आगे बढ़ाते हुए लिखा है, "फिर पिछले हफ्ते निर्देशक सार्थक दासगुप्ता का मैसेज आया कि फिल्म यूट्यूब पर रिलीज़ हो गई है। तभी मुझे एक धुंधली सी याद आई। मुझे याद आया कि मैंने अपनी बहन को सेट से फोन करके बताया था कि मैं 'बनेगी अपनी बात' वाले इरफान खान के साथ शूट कर रही हूं।
उस वक्त भी मुझे लगता था कि वह सबसे नैचुरल एक्टर हैं और कल रात फिल्म देखकर भी मुझे वही महसूस हुआ। उनके अभिनय में कभी कोई बनावट नहीं थी। हालांकि इरफान के जाने के बाद मुझे हमेशा इस बात का अफसोस रहा कि कुछ फिल्में, जिनमें हम दोनों साथ नजर आने वाले थे, कभी बन नहीं पाईं। लेकिन अब कम से कम मेरे पास 'द लास्ट टेनेंट' तो है। तो 25 साल लगे हमारे सितारों को मिलने में मेरे साथी कैप्रिकॉर्न, इरफ़ान खान, लेकिन आखिरकार वे मिल ही गए।
