Bareilly : स्वगणना अभियान में भाग लेने का किया आह्वान
जनप्रतिनिधियों ने अभियान का किया शुभारंभ
बरेली, अमृत विचार। जनगणना-2027 के तहत स्व-गणना अभियान का गुरुवार को तहसीलों में जनप्रतिनिधियों ने शुभारंभ किया। इस दौरान आमजन से अभियान में भाग लेने का आह्वान किया गया।
मीरगंज : स्वगणना अभियान की त्रिलोक चंद्र डिग्री कॉलेज में विधायक डॉ. डी.सी. वर्मा ने स्वयं स्वगणना कर अभियान की शुरुआत की। अन्य लोगों की भी स्वगणना कराते हुए जनगणना प्रक्रिया में सक्रिय सहभागिता का संदेश दिया। एसडीएम निधि शुक्ला, तहसीलदार आशीष कुमार सिंह ने अभियान के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि नागरिक 21 मई तक https://se.census.gov.in/ जनगणना पोर्टल पर जाकर घर बैठे स्वयं अपनी गणना कर सकते हैं। स्वगणना पूर्ण होने पर प्रत्येक परिवार को 11 अंकों की एसई आईडी प्राप्त होगी, जिसे सुरक्षित रखना आवश्यक होगा। एसडीएम ने बताया कि 22 मई से जनगणना कर्मी घर-घर जाकर एसई आईडी प्राप्त करेंगे। स्वगणना संबंधी किसी भी समस्या के समाधान के लिए कंट्रोल रूम नंबर 0581-2990102 पर संपर्क किया जा सकता है। राजस्व निरीक्षक जुगेन्द्रपाल सिंह, संजय चौहान, केपी राणा, आदि उपस्थित रहे।
आंवला : तहसील सभागार में डिजिटल जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने किया। उन्होंने कहा कि स्व-गणना अभियान 21 मई तक संचालित किया जाएगा, जिसमें नागरिक स्वयं ऑनलाइन माध्यम से अपनी जानकारी दर्ज कर सकेंगे। इसके बाद घर-घर जाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
उन्होंने कहा कि डिजिटल जनगणना से देश की वास्तविक स्थिति का सही आंकलन हो सकेगा। इससे आबादी, आवास और लोगों के जीवन स्तर से जुड़ी जानकारी एकत्र होगी, जो भविष्य की योजनाओं और नीतियों को बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। तहसीलदार बृजेश कुमार वर्मा, नायब तहसीलदार रजनीश सक्सेना, दीप्ति पाल, ब्लॉक प्रमुख मझगवां यशवंत सिंह, वेद प्रकाश यादव, चेयरमैन सैयद आबिद अली सहित कई अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।
शेरगढ़ : नगर पंचायत कार्यालय में स्वगणना को लेकर जागरूकता बैठक आयोजित की गई। जिसमें लोगों को स्वगणना कार्यक्रम के संबंध में जानकारी दी गई। सेल्फी प्वाइंट पर लोगों ने स्वगणना के बाद सेल्फी ली। चेयरमैन बुद्धसेन मौर्य की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में प्रगणकों को स्वगणना की बारीकियां समझाई गईं। शिक्षक उवैस रजा खां, मोहम्मद आरिश, अमित कुमार, नरेंद्र कुमार, जितेंद्र मौर्य, हरीश कुमार,जितेंद्र कुमार, तौफीक अहमद, नियाज अहमद आदि मौजूद रहे।
स्वगणना का दिया प्रशिक्षण
क्योलड़िया : भदपुरा विकासखंड के बीआरसी केंद्र क्योलड़िया में गुरुवार को खंड शिक्षा अधिकारी विजय कुमार ने बैठक का आयोजन किया। जिसमें सभी प्रधानाध्यापकों ने भाग लिया। शिक्षकों को स्व गणना करने का प्रशिक्षण दिया गया। खंड शिक्षा अधिकारी ने शिक्षकों को निर्देश दिया कि वे 21 मई तक स्व गणना करें। अभिभावकों स्वगणना के लिए प्रेरित करें। एआरपी मधुरेश दीक्षित, ठाकुर दास राजपूत, देवल सर्वेश कुमार, राजवीर सिंह, रामवृज मौर्य, शशांक, अवधेश, अभिषेक, ओम बाबू, रामौतार, सुधांशु गंगवार मौजूद रहे।
