Bareilly : भाजपा विधायक का भतीजा लापता, मंदिर जाने की बात कहकर निकला-नहीं लौटा घर!

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

बरेली, अमृत विचार। मीरगंज विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा रहस्यमय तरीके से लापता हो गए। अंकित राममूर्ति मेडिकल कॉलेज, भोजीपुरा से एम फार्मा की पढ़ाई कर रहे हैं और गुरुवार शाम से उनका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिवार ने अपहरण या किसी अनहोनी की आशंका जताते हुए भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। पुलिस छात्र की तलाश में जुट गई है।

अमृत विचार : बरेली की मीरगंज सीट से भाजपा विधायक डॉ. डीसी वर्मा के भतीजे अंकित वर्मा लापता हो गए हैं। अंकित, भोजीपुरा स्थित एसआरएमएस से फॉर्मेसी की पढ़ाई कर रहे हैं। गुरुवार की शाम से उनकी कोई खबर नहीं है। बेटे की तलाश में जुटे परिजनों ने भोजीपुरा थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई है। परिवार के साथ पुलिस अंकित की तलाश में जुटी है। 

24 वर्षीय अंकित वर्मा के पिता राम प्रकाश वर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में कहा कि उनका बेटा एसआरएमएस में एम. फार्मा का छात्र है। सात मई की शाम करीब 6 बजे अंकित घर से निकले। परिवार के मुताबिक, उन्होंने मंदिर जाने की बात कही थी, लेकिन देर रात तक नहीं लौटे। परिजनों को चिंता हुई तो उन्होंने अंकित से संपर्क करने की कोशिश की। संपर्क नहीं होने पर घरवाले उनकी तलाश में जुट गए। लेकिन शुक्रवार तक अंकित का कोई सुराग नहीं लगा। अनहोनी की आशंका से परेशान परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया और गुमशुदगी दर्ज कराई है। 

उधर, अंकित के अचानक गायब होने से घर में बेचैनी का आलम है। परिजन नाते-रिश्तेदारों से लेकर दोस्तों तक में तलाशकर थक चुके हैं। चूंकि मामला विधायक के परिवार से जुड़ा है इसलिए पुलिस-प्रशासनिक हलके में भी हलचल है। और सभी शिद्दत के साथ अंकित की तलाश में जुटे हैं। 

बताते हैं कि अंकित का मोबाइल बंद है। इसलिए घरवाले और ज्यादा बेचैन हैं। हालांकि पुलिस टीमें अंकित की तलाश में लगी हैं और कॉलेज से लेकर उनके बाहर तक के दोस्तों से संपर्क साध रही हैं। 

भोजीपुरा थाने में तैनात सब-इंस्पेक्टर सुशील कुमार मामले की जांच कर रहे हैं। कॉलेज के सीसीटीवी कैमरों की जांच से लेकर छात्रों से बातचीत की जा रही है। घरवाले भी बेटे की तलाश में खाक छान रहे हैं।

संबंधित समाचार