विद्युत उपभोक्ताओं को बड़ी राहत : स्मार्ट प्रीपेड मीटर होंगे पोस्टपेड, नई व्यवस्था लागू, मिलेगी ये बड़ी सुविधा

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नियमित बिलिंग व शिकायत निस्तारण की व्यवस्था

बाराबंकी, अमृत विचार। प्रदेश सरकार की पहल पर उत्तर प्रदेश पावर कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने आरडीएसएस योजना के तहत लगाए गए सभी स्मार्ट प्रीपेड मीटरों को पोस्टपेड मोड में बदलने का निर्णय लिया है। अधीक्षण अभियंता विद्युत राजबाला ने बताया कि मई की बिजली खपत का बिल जून में पोस्टपेड प्रणाली से जारी किया जाएगा।

उपभोक्ताओं को हर माह 10 तारीख तक एसएमएस और व्हाट्सएप के माध्यम से बिल उपलब्ध कराया जाएगा। तकनीकी समस्या होने पर 5 तारीख तक मैनुअल रीडिंग लेकर समय से बिल जारी होगा। उन्होंने बताया कि नए बिजली कनेक्शन अब स्मार्ट मीटर के जरिए पोस्टपेड मोड में ही दिए जाएंगे। पूर्व में समायोजित सुरक्षा धनराशि को कॉस्ट डाटा बुक 2026 के अनुसार पुनर्निर्धारित कर जून से तीन मासिक किस्तों में जोड़ा जाएगा।

घरेलू उपभोक्ताओं को 30 अप्रैल तक के बकाये के भुगतान के लिए 10 आसान किस्तों की सुविधा मिलेगी, जबकि अन्य श्रेणी के उपभोक्ता तीन किस्तों 40-30-30 फासदी में बकाया जमा कर सकेंगे। स्मार्ट मीटर संबंधी शिकायतों के निस्तारण के लिए 15 मई से 30 जून तक अधिशासी अभियंता एवं उपखंड कार्यालयों में विशेष कैंप लगाए जाएंगे। उपभोक्ता सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर जारी किया गया है।

वहीं मोबाइल नंबर अपडेट न होने पर उपभोक्ता मध्यांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड के व्हाट्सएप चैटबॉट नंबर पर संयोजन संख्या भेजकर बिल प्राप्त कर सकेंगे। वहीं जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह ने निर्देश दिया कि जिले में नई व्यवस्था का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है और अधिकारियों को समयबद्ध बिल वितरण व शिकायतों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए गए हैं।

संबंधित समाचार