आजमगढ़ पुलिस की बड़ी कार्रवाई : आनलाइन गेमिंग एप के जरिये ठगी का आरोपी गिरफ्तार
आजमगढ़। उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले की साइबर क्राइम टीम ने ऑनलाइन गेमिंग एप के जरिए लाखों रुपये की साइबर ठगी करने वाले बिहार के एक शातिर जालसाज को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस क्षेत्राधिकारी साइबर क्राइम आस्था जायसवाल ने शुक्रवार को बताया कि मुबारकपुर थाना क्षेत्र के बम्हौर निवासी मनोज यादव ने शिकायत दर्ज कराई थी कि "51गेम" नामक ऑनलाइन गेमिंग ऐप के माध्यम से उसके साथ नौ लाख 25 हजार रुपये की साइबर ठगी की गई है।
इस मामले में थाना साइबर क्राइम में बीएनएस और आईटी एक्ट की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस को बिहार के भोजपुर जिले के निवासी अविनाश विजय के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद साइबर क्राइम टीम ने बिहार के आरा में दबिश देकर गुरुवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अपने गिरोह के अन्य सदस्यों के साथ मिलकर फर्जी दुकानों और फर्मों के नाम पर मर्चेंट क्यूआर स्कैनर तैयार करता था। ठगी की रकम विभिन्न खातों में मंगाकर उसे अपने निजी खातों में ट्रांसफर किया जाता था और बाद में नकद निकासी कर रकम गिरोह के सदस्यों में बांट दी जाती थी।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अविनाश विजय (27) पुत्र विजय कुमार सिंह निवासी 439, खूनी गली, शीतल टोला, शिवगंज, आरा, जिला भोजपुर, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि आरोपी के खिलाफ बीएनएस की धारा 317(2) की बढ़ोतरी भी की गई है। गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्रवाई के दौरान सर्वोच्च न्यायालय तथा मानवाधिकार आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन किया गया।
