बंगाल में अब शुभेंदु सरकार : अमित शाह बोले- BJP सरकार में असंभव हो जाएगी घुसपैठ और मवेशी तस्करी

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कोलकाता। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने शुक्रवार को शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल में भाजपा विधायक दल का नेता और मुख्यमंत्री पद का चेहरा चुने जाने की घोषणा करने के बाद कहा कि राज्य में घुसपैठ और मवेशियों की तस्करी 'नामुमकिन' हो जाएगी। यहां भाजपा विधायक दल की बैठक को संबोधित करते हुए, शाह ने कहा कि बंगाल में भारी जीत सिर्फ संगठन का विस्तार या विचारधारा की पुष्टि नहीं है, बल्कि राष्ट्रीय सुरक्षा और लोकतांत्रिक बहाली से जुड़ा जनादेश है।

उन्होंने कहा, ''यह जीत हमारे संगठन के विस्तार या विचारधारा की पुष्टि के बारे में नहीं है, बल्कि देश की राष्ट्रीय सुरक्षा में सबसे बड़ी कमी को ठीक करने के बारे में है... अब पश्चिम बंगाल में घुसपैठ और गो-तस्करी नामुमकिन हो जाएगी।'' पूर्ववर्ती तृणमूल कांग्रेस शासन पर तीखा हमला करते हुए, शाह ने आरोप लगाया कि ममता बनर्जी के 15 साल के शासन के दौरान राज्य में ''प्रशासन का राजनीतिकरण और राजनीति का अपराधीकरण'' हुआ था। 

उन्होंने कहा, ''भाजपा के शासन के दौरान, न तो प्रशासन का राजनीतिकरण होगा, न ही राजनीति का अपराधीकरण होगा।'' शाह ने पश्चिम बंगाल में नव निर्वाचित विधायकों की एकमत से मंज़ूरी का हवाला देते हुए अधिकारी को भाजपा विधायक दल का नेता घोषित किया। 

शाह ने कहा, "विधायक दल का नेता चुनने की प्रक्रिया पूरी हो गई है। आठ प्रस्ताव मिले थे और उन सभी में सिर्फ एक नाम था। दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रस्तावित नहीं किया गया। इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं।" 

अधिकारी के मुख्यमंत्री बनने से पश्चिम बंगाल में पहली भाजपा सरकार बनने का रास्ता साफ हो गया है। पार्टी ने विधानसभा चुनाव में ज़बरदस्त जीत हासिल की और तृणमूल कांग्रेस के 15 साल का राज खत्म हो गया। शाह ने भाजपा का साथ देने के लिए बंगाल के लोगों का शुक्रिया अदा किया, वहीं आरोप लगाया कि राज्य में दशकों से डर और राजनीतिक हिंसा का माहौल था। 

उन्होंने कहा, "मैं बंगाल के लोगों का शुक्रिया अदा करना चाहता हू। कम्युनिस्ट जमाने से यहां जो माहौल बना था, वह ममता जी के राज में और बढ़ गया। ऐसे हालात में, अपना वोट देना लगभग नामुमकिन हो गया था।" उन्होंने कहा, ''हिंसा और क्रूरता के सैकड़ों मामलों के बावजूद, बंगाल के लोगों ने भारतीय जनता पार्टी और हमारे नेता नरेन्द्र मोदी पर भरोसा किया और हमें भारी जीत दिलाई।'' 

घोषणापत्र में किये गये सभी वादों को पूरा करेंगे : शुभेंदु 

पश्चिम बंगाल में मुख्यमंत्री पद के लिए नामित किए गए शुभेंदु अधिकारी ने शुक्रवार को कहा कि राज्य में नई भाजपा सरकार पार्टी के चुनाव घोषणापत्र में किए गए सभी वादों को पूरा करेगी और लोगों की उम्मीदों को पूरा करने के लिए केंद्र के साथ मिलकर काम करेगी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल का नेता चुने जाने के बाद पार्टी विधायकों को संबोधित करते हुए अधिकारी ने कहा कि बंगाल में डर का माहौल खत्म हो गया है और राज्य अब "भरोसे" के दौर की ओर बढ़ेगा।

पार्टी विधायकों और समर्थकों की ज़ोरदार तालियों के बीच अधिकारी ने कहा, "भय अब खत्म हो गया है और जैसा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी ने कहा है, भरोसा आ गया है।" इससे पहले आज दिन में अधिकारी को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और प्रदेश में पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की मौजूदगी में सर्वसम्मति से भाजपा विधायक दल का नेता चुना गया, जिससे उनके पश्चिम बंगाल के भाजपा के पहले मुख्यमंत्री बनने का रास्ता साफ हो गया। 

 

संबंधित समाचार