ईरान ने अमेरिका पर लगाया लापरवाह सैन्य दुस्साहस का आरोप, ट्रंप बोले- 'युद्धविराम अब भी बरकरार'

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

तेहरान। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका पर आरोप लगाया है कि जब कभी राजनयिक समाधान का विकल्प मौजूद होता है तो वह लापरवाह सैन्य अभियान का मार्ग चुनता है। यह जानकारी बीबीसी ने शनिवार को दी। अराघची ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा, ईरान के लोग दबाव के आगे कभी नहीं झुकेंगे। उनका बयान दोनों पक्षों द्वारा एक-दूसरे पर होर्मुज जलडमरूमध्य में हमले शुरू करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद और अमेरिका द्वारा और अधिक ईरानी जहाजों पर गोलीबारी करने के बाद आया है। झड़पों के बावजूद, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने कहा कि युद्धविराम बरकरार है। 

इसका उद्देश्य फरवरी में अमेरिका और इज़रायल के साथ शुरू हुए ईरान युद्ध को समाप्त करने के लिए बातचीत को संभव बनाना है। अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने कहा ईरान से अमेरिकी प्रस्तावों पर जवाब देने की उम्मीद है। इटली की यात्रा के दौरान रुबियो ने कहा, "मुझे उम्मीद है कि यह एक गंभीर प्रस्ताव है और मैं वास्तव में यही चाहता हूं।" 

ईरान, अमेरिका और इज़रायल के हमलों के प्रतिशोध में होर्मुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण बनाए हुए है और खाड़ी में अमेरिकी सहयोगियों पर हमले कर रहा है। विश्व के लगभग 20 प्रतिशत तेल और द्रवीकृत प्राकृतिक गैस का परिवहन इसी महत्वपूर्ण जलमार्ग से होता है जिसके अवरुद्ध होने से कीमतों में भारी उछाल आया है। इस सप्ताह की शुरुआत में, ट्रम्प ने फरवरी से इस क्षेत्र में फंसे लगभग 2,000 जहाजों को मुक्त कराने में मदद करने के लिए एक अमेरिकी सैन्य अभियान शुरू किया और फिर उसे रोक दिया। 

अमेरिका, ईरान पर अमेरिकी शर्तों को मानने के लिए दबाव डालने के उद्देश्य से ईरानी बंदरगाहों की नौसैनिक नाकाबंदी भी बनाए हुए है और इस कदम से तेहरान नाराज है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने शुक्रवार को कहा कि अमेरिकी सेना ने ओमान की खाड़ी में एक ईरानी बंदरगाह में प्रवेश करने की कोशिश कर रहे दो ईरानी ध्वज वाले खाली तेल टैंकरों को निष्क्रिय कर दिया जो चल रही अमेरिकी नाकाबंदी का उल्लंघन कर रहे थे। बयान में कहा गया कि अमेरिकी सेना ने नियमों का पालन न करने वाले जहाजों के चिमनियों पर सटीक गोलाबारी करके उन्हें ईरान में प्रवेश करने से रोक दिया। 

सेंटकॉम ने कहा कि अमेरिकी सेना 70 से अधिक टैंकरों को ईरानी बंदरगाहों में प्रवेश करने या बाहर निकलने से रोक रही है। गुरुवार को होर्मुज जलडमरूमध्य में हुई झड़पों के बाद अमेरिका ने नए हमले किए, जिसके लिए दोनों पक्षों ने एक-दूसरे को दोषी ठहराया। सेंटकॉम ने ईरान पर अपने तीन युद्धपोतों पर मिसाइल, ड्रोन और छोटी नौकाओं से हमला करने का आरोप लगाया जिसे उसने बिना उकसावे का हमला करार दिया। 

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने ट्रुथ सोशल पर पोस्ट किया कि अमेरिका ने कई छोटी नावों, मिसाइलों और ड्रोन को नष्ट कर दिया और कहा कि ईरानी हमलावरों को भारी नुकसा पहुंचा। इस बीच, ईरान के शीर्ष सैन्य कमान ने आरोप लगाया कि अमेरिका ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास आ रहे एक ईरानी तेल टैंकर और एक अन्य जहाज को निशाना बनाया और कई तटीय क्षेत्रों पर हवाई हमले किए। 

ये भी पढ़ें : 
होर्मुज में अमेरिकी पोतों पर ईरानी हमला नाकाम, ट्रंप बोले -'उन्होंने हमसे खिलवाड़ किया, हमने उन्हें उड़ा दिया' 

संबंधित समाचार