UP: नैनीताल हाईवे पर सड़क हादसे में घायल बड़ी बेटी की भी मौत
रामपुर, अमृत विचार। बुधवार को नैनीताल हाईवे पर गांव लाला वाला बाग के पास तेज रफ्तार रोडवेज बस ने स्कूटी को रौंद दिया था। इसमें भोट थाना क्षेत्र के मुंडिया मनकरा निवासी मोहम्मद हनीफ (50) व छोटी बेटी सानिया (20) की मौके पर ही मौत हो गई थी। हादसे में घायल बड़ी बेटी स्वालेहा ने गुरुवार को जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। स्वालेहा की 17 मई को बारात आनी थी। जबकि उनके भाई फरमान की बारात जानी थी। परिवार में तीन मौतों से कोहराम मच गया है, शादी की खुशियां मातम में बदल गईं हैं।
भोट थाना क्षेत्र के मुंडिया मनकरा निवासी मोहम्मद हनीफ (50) के बेटे मोहम्मद हनीफ के बेटे फरमान अली की 18 मई को बारात जानी थी। जबकि बेटी स्वालेह का 17 मई को निकाह तय हुआ था। शादी के चलते परिवार तैयारी को लेकर खरीदारी में लगा हुआ था। बुधवार को वो गांव से बड़ी बेटी सुहालेहा और छोटी बेटी सानिया (20) के साथ स्कूटी पर खरीदारी के लिए बिलासपुर जा रहे थे। कट पर अपनी साइड जाने के दौरान उन्होंने विपरित दिशा में स्कूटी ले ली, इसी दौरान लाला वाले बाग के निकट तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें रौंद दिया।
हादसे सीसीटीवी फुटेज वायरल हो रही है। पिता और छोटी बेटी की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि बड़ी बेटी स्वालेहा घायल हो गई थी। गुरुवार को जिला अस्पताल में स्वालेहा ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। परिवार में सड़क हादसे में तीन मौत होने से कोहराम मचा हुआ है, शादी के घर में मातम छा गया है।
पूरे गांव में गम का माहौल है। गुरुवार को पिता व छोटी बेटी का नम आंखों से दफीना किया गया, इसी बीच बड़ी बेटी की भी मौत की खबर आ गई। जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट गया है। इस हादसे को लेकर सांसद मोहिब्बुल्लाह नदवी ने दुख जताया है। गुरुवार को गांव के लोगों और रिश्तेदारों का परिवार को सात्वंना देने वालों का तांता लगा रहा। पूर्व विधायक संजय कपूर ने जिला अस्पताल में मोर्चरी पर पहुंचकर परिजनों को सांत्वना दी।
