देवीपाटन मंडल ने रचा इतिहास: जनशिकायतों के निस्तारण में यूपी में पाया पहला स्थान, आयुक्त ने अधिकारियों को दी बधाई

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोंडा, अमृत विचार: यूपी के गोंडा जिले में जनशिकायतों के प्रभावी एवं समयबद्ध निस्तारण के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल करते हुए देवीपाटन मंडल ने अप्रैल माह में पूरे प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है। इस सफलता पर आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने मंडल के सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों को बधाई देते हुए इसे टीमवर्क, सतत मॉनिटरिंग और जनहित के प्रति प्रशासनिक प्रतिबद्धता का परिणाम बताया है। 

आयुक्त दुर्गा शक्ति नागपाल ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन की शिकायतों का त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया गया, जिसके चलते मंडल को प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि शिकायतों के निस्तारण में केवल औपचारिकता न निभाई जाए, बल्कि शिकायतकर्ता को वास्तविक समाधान उपलब्ध कराया जाए ताकि उसकी पूर्ण संतुष्टि सुनिश्चित हो सके। उन्होंने मंडल के सभी जनपदों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि आईजीआरएस एवं अन्य माध्यमों से प्राप्त शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। 

साथ ही प्रत्येक प्रकरण की नियमित समीक्षा करते हुए यह सुनिश्चित किया जाए कि बिना स्थलीय सत्यापन और तथ्यात्मक जांच के किसी भी शिकायत का निस्तारण न किया जाए। अपर आयुक्त मीनू राणा ने कहा कि शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही अथवा केवल कागजी कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी। अधिकारियों को शिकायतकर्ता से संवाद स्थापित कर समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। 

उन्होंने सभी विभागों से समन्वय बनाकर कार्य करने की अपील करते हुए कहा कि देवीपाटन मंडल आगामी महीनों में भी प्रदेश में प्रथम स्थान बनाए रखने का प्रयास करेगा। प्रशासन ने अधिकारियों से अपेक्षा की है कि जनसुनवाई एवं शिकायत निस्तारण को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए शासन की मंशा के अनुरूप कार्य किया जाए, जिससे आमजन का प्रशासन पर विश्वास और अधिक मजबूत हो सके।

ये भी पढ़ें :  
गोंडा में मंदबुद्धि युवक ने दिव्यांग भाई को उतारा मौत के घाट, वारदात के बाद रात भर शव के साथ सोता रहा आरोपी

संबंधित समाचार