लखनऊ : स्वास्थ्य लाभ के बाद बोले अजय राय- 'जनसेवा का संकल्प और मजबूत हुआ'
लखनऊ। उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय ने स्वास्थ्य लाभ के बाद सक्रिय राजनीति और जनसेवा के कार्यों में वापसी कर ली है। उन्होने कहा कि प्रदेशवासियों की दुआओं और बाबा विश्वनाथ की असीम कृपा से वह पूरी तरह स्वस्थ होकर पुनः कांग्रेस मुख्यालय पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि मेदांता अस्पताल में उपचार के दौरान उन्हें प्रदेशभर से अपार स्नेह, शुभकामनाएं और समर्थन मिला, जिसने उन्हें नई ऊर्जा और आत्मविश्वास प्रदान किया।
अजय राय ने कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि मुख्यालय पहुंचने पर साथियों और समर्थकों का उत्साह देखकर वह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी की आंखों में आए खुशी के आंसू कार्यकर्ताओं के इसी प्रेम और विश्वास का प्रमाण हैं। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कार्यकर्ताओं का अटूट भरोसा ही उनकी सबसे बड़ी पूंजी है और यही ताकत उन्हें लगातार संघर्ष के लिए प्रेरित करती है।
अजय राय ने कहा कि अब उत्तर प्रदेश की सड़कों पर न्याय और जनहित की आवाज पहले से अधिक मजबूती और प्रखरता के साथ गूंजेगी। उन्होंने संकेत दिए कि कांग्रेस आने वाले समय में जनता के मुद्दों को लेकर और अधिक आक्रामक तरीके से मैदान में उतरने की तैयारी कर रही है।
