UP:पुलिस मुठभेड़ में गोकशी का आरोपी गिरफ्तार, पैर में लगी गोली

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

रामपुर, अमृत विचार। थाना अजीमनगर पुलिस ने सोमवार रात गोकशी के आरोपी को मुठभेड़ में गिरफ्तार किया है। आरोपी के पैर में गोली लगी है, जबकि उसके तीन साथी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने घायल आरोपी को जिला अस्पताल में भर्ती कराया है।  

थाना अजीमनगर क्षेत्र में रविवार को अज्ञात व्यक्तियों द्वारा गोवंशीय पशु का वध करके अवशेष मौके पर छोड जाने का मामला सामने आया था। मामले के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया था। सोमवार रात थाना अजीमनगर पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी सोमवार रात फिर गोकशी की घटना को अंजाम देने के लिए रतनपुरा शुमाली गांव के कच्चे रास्ते से पर घूम रहे हैं और उनके पास अवैध असलहा भी है। 

इसके बाद थाना अजीमनगर पुलिस टीम को गश्त व चेकिंग के दौरान मुरसेना रोड से आने वाले कच्चे रास्ते पर दो मोटरसाइकिल पर सवार चार व्यक्ति आते दिखाई दिए। टीम ने टॉर्च से इशारा कर रोकने का प्रयास किया तो दोनों उन्होंने मोटरसाइकिलों को वापस मोड़ लिया और भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो पुलिस टीम पर फायर कर दिया। आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई में आरोपी अकील निवासी ग्राम नगलिया आकिल थाना अजीमनगर के पैर में गोली लगी, जिससे वो घायल हो गया। इस दौरान अन्य तीन आरोपी अंधेरे का फायदा उठा कर फरार हो गए। 

आरोपी के कब्जे से एक तमंचा 12 बोर, एक खोखा कारतूस नाल में फंसा हुआ व 2 जिंदा कारतूस, एक बिना नंबर प्लेट काले रंग की मोटरसाइकिल सहित उपकरण बरामद किए। आरोपी पर पहले भी करीब सात मुकदमे दर्ज हैं, इनमें गोकशी सहित अन्य मामले हैं। घायल आरोपी को उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। पुलिस मुठभेड़ को लेकर सोमवार को थाना अजीमनगर पर संबंधित धाराओं सहित आर्म्स एक्ट में आकिल सहित 4 के खिलाफ विधिक कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कर्म सिंह पाल, उप निरीक्षक संतोष कुमार, कांस्टेबल शिवा यादव, हेड कांस्टेबल अनीस अहमद व योगेश कुमार शामिल रहे।

संबंधित समाचार