दूसरे बड़े मंगल पर श्रद्धालुओं में दिखा उत्साह, गूंजे बजरंगी के उद्घोष, जगह-जगह भंडारे का आयोजन
हनुमान मंदिरों में पूजा आरती के बाद जगह-जगह भंडारे का आयोजन
बाराबंकी, अमृत विचार। बाराबंकी और आसपास के क्षेत्रों में ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगल पर श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। भक्तों ने पूजा-अर्चना कर हनुमान जी को प्रसाद अर्पित किया। जगह-जगह सुंदरकांड और हनुमान चालीसा के पाठ से वातावरण भक्तिमय बना रहा।
शहर के विभिन्न हिस्सों नाका पैसार, देवा रोड, राजकमल रोड, लखपेड़ाबाग, कोतवाली के बगल, सीएमओ ऑफिस के पास, बड़ेल, ओबरी रोड, सिविल लाइंस, धनोखर और सतरिख नाके समेत करीब पचास स्थानों पर भंडारों का आयोजन किया गया। इन भंडारों में पूड़ी-सब्जी, छोले-चावल और मिठाई सहित प्रसाद वितरित किया गया।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय सचिव एवं पूर्व कैबिनेट मंत्री अरविंद कुमार सिंह गोप ने सफेदाबाद स्थित संकट मोचन हनुमान मंदिर प्रांगण में दिनेश सिंह द्वारा आयोजित भंडारे में पहुंचकर दर्शन-पूजन कर भक्तों में प्रसाद वितरित किया। इस मौके पर एमएलसी अंगद सिंह, पूर्व एमएलसी हरगोविंद सिंह, डॉक्टर विवेक वर्मा, राकेश वर्मा कर्रा, सपा जिला प्रवक्ता वीरेंद्र प्रधान समेत अन्य लोगों ने भी बजरंगबली का आशीर्वाद प्राप्त किया। कई स्थानों पर शरबत वितरण भी किया गया, जिससे राहगीरों ने गर्मी में राहत पाई। शहर ही नहीं ग्रामीण अंचलों में भी दूसरे बड़े मंगल पर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह दिखा।
मसौली प्रतिनिधि राहुल वर्मा के अनुसार दूसरे बड़े मंगल के अवसर पर बाबा रामशरण दास भगवत दास कुटी स्थित हनुमान मंदिर में श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया गया। इस धार्मिक आयोजन का संचालन आयोजक अर्जुन वर्मा, आरती वर्मा एवं सुनीता सहित अन्य श्रद्धालुओं की उपस्थिति में श्रद्धा एवं भक्ति भाव के साथ संपन्न हुआ।
रामनगर प्रतिनिधि विवेक शुक्ला के अनुसार द्वितीय बड़े मंगल के अवसर पर कई स्थानों पर भव्य भंडारे आयोजित किए गए। शुक्ला बुक डिपो की ओर से आयोजित भंडारे का शुभारंभ विधिवत हनुमान जी की पूजा-अर्चना के साथ हुआ। आयोजन मनीष शुक्ल द्वारा कराया गया, जिसमें मनोज तिवारी, सत्यवान सिंह यादव, विश्व हिंदू परिषद के जिला सेवा प्रमुख विनय मिश्र सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे। इसी क्रम में धमेड़ी तिराहा पर भी विशाल भंडारे का आयोजन हुआ, जिसका नेतृत्व उमेश शुक्ला, शुभम, मनीष, सनीष और पंडित शिवा मिश्र ने किया। यहां श्रद्धालुओं को छोले-चावल का प्रसाद वितरित किया गया।

हैदरगढ़ प्रतिनिधि ओम प्रकाश मौर्या के अनुसार अवसानेश्वर मार्ग स्थित मानपुर के दुर्गा मंदिर में श्रवण कुमार तिवारी (गुड्डू भैया), अनुज तिवारी और संजू तिवारी (काका) द्वारा श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ के समापन के बाद विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक अध्यक्ष राजकुमार सिंह, डिंपल सिंह सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। सांसद तनुज पुनिया ने भी भंडारे में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण किया और श्रद्धालुओं से मुलाकात की।
तहसील फतेहपुर क्षेत्र स्थित बीएसएनएल कार्यालय के पास राहुल जायसवाल द्वारा आयोजित भंडारे का शुभारंभ विधायक साकेंद्र वर्मा, एसडीएम कार्तिकेय सिंह, बार संघ अध्यक्ष प्रेम चंद्र पाल, उपाध्यक्ष राजीव नयन तिवारी और गणेश शंकर मिश्र ने हनुमान जी की पूजा कर किया। वहीं कोतवाली परिसर में कोतवाल अमित प्रताप सिंह द्वारा भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें पुलिसकर्मियों ने राहगीरों को प्रसाद वितरित किया। इसी प्रकार जिले की अन्य तहसीलों में भी भंडारों का आयोजन हुआ, जहां हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
