बड़ा बाईपास:इंतजार खत्म...नवदिया फ्लाईओवर पर 1 जुलाई से फर्राटा भरेंगे वाहन

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

बरेली, अमृत विचार। बड़ा बाईपास पर हादसों को लेकर सबसे बड़ा ब्लैक स्पॉट बने नवदिया झादा पर बन रहे फ्लाईओवर पर 1 जुलाई से वाहन फर्राटा भरने लगेंगे। 980 मीटर लंबे सिक्सलेन ब्रिज का निर्माण अंतिम चरण में पहुंच गया है। दिल्ली से शाहजहांपुर जाने वाले एप्रोच मार्ग पर भी तेजी काम चल रहा है। फ्लाईओवर पर सड़क डालने के लिए गिट्टी बिछाई जा रही है। एनएचएआई का दावा है कि जून के अंति तक सभी काम पूरे करने का लक्ष्य तय किया गया है।

करीब 29.83 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट का सफर चुनौतियों भरा रहा है। पहले इसे इसी साल जनवरी में पूरा करने का लक्ष्य था, लेकिन पिछले साल हुई बेमौसम और भारी बरसात ने काम की रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया था। मौसम की मार के कारण निर्माण कार्य में देरी हुई, जिसके चलते अब जून की नई डेडलाइन तय की गई है। अधिकारियों का दावा है कि सिविल कंस्ट्रक्शन का काम अंतिम चरण में हैं। मई और जून में पेंटिंग, लाइटिंग, फिनिशिंग जैसे सौंदर्यीकरण के कार्यों को पूरा कर एक जुलाई से इसे जनता को समर्पित कर दिया जाएगा। इधर, बता दें, नवदिया झादा चौराहा जिले का सबसे बड़ा ''ब्लैक स्पाट'' माना जाता है, इस पर अब तक दर्जनों लोग अपनी जान गंवा चुके हैं। इसके शुरू होने से दिल्ली-लखनऊ और नैनीताल मार्ग का सफर न केवल आसान होगा, बल्कि हाईवे पर लगने वाले भीषण जाम से भी हमेशा के लिए मुक्ति मिल जाएगी।

जाम के झाम से मिलेगी परमानेंट आजादी
नवदिया झादा पर सिक्सलेन फ्लाईओवर के साथ-साथ एनएचएआई ने अंडरपास का निर्माण भी कराया गया है। यह अंडरपास उन हजारों यात्रियों के लिए वरदान साबित होगा जो बरेली-बीसलपुर मार्ग का उपयोग करते हैं। व्यवस्था के तहत बीसलपुर रोड का यातायात दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर बने रहे फ्लाईओवर के नीचे अंडरपास से बिना किसी बाधा के सीधे आर-पार हो सकेगा। इससे यात्रियों को हाईवे के ट्रैफिक के बीच फंसने या लंबा मोड़ लेने की जरूरत नहीं पड़ेगी। वर्तमान में निर्माण के चलते लोगों को दो किलोमीटर तक का अतिरिक्त चक्कर लगाकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है, जिससे न केवल समय बर्बाद हो रहा है बल्कि भीषण जाम की स्थिति भी बनी रहती है। यह अंडरपास इस समस्या को जड़ से खत्म कर देगा।

मुरादाबाद एनएचएआई के पीडी अरविंद कुमार ने बताया कि नवदिया झादा चौराहे पर सिक्सलेन फ्लाईओवर का निर्माण तेज गति से चल रहा है। वर्तमान में एप्रोच रोड का काम अंतिम चरण में है। हमारा लक्ष्य जून के अंत तक सभी तकनीकी कार्यों को पूर्ण कर इसे हर हाल में एक जुलाई से आम जनता और वाहनों के सुगम आवागमन के लिए समर्पित करना है, जिससे यात्रियों को जाम और दुर्घटनाओं से स्थायी राहत मिल सके।


संबंधित समाचार