भाजयुमो नेता गोलीकांड : लापरवाह चौकी प्रभारी हटा, एसीपी काकोरी करेंगे जांच

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

इंस्पेक्टर बाजारखाला के खिलाफ भी होगी जांच, रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई

लखनऊ, अमृत विचार। भाजयुमो नेता चेतन तिवारी गोलीकांड मामले में लापरवाही पाए जाने पर टिकैतगंज चौकी प्रभारी दीपांकर शर्मा को हटा दिया गया है। डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि उन्हें डीसीपी कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही इंस्पेक्टर बाजारखाला बृजेश सिंह और चौकी प्रभारी के खिलाफ एसीपी काकोरी शकील अहमद को जांच सौंपी गई है। रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।

मामला बाजारखाला के मेहंदीगंज का है, जहां शनिवार रात चेतन तिवारी को गोली मार दी गई थी। गंभीर हालत में उन्हें ट्रामा सेंटर में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। उनकी पत्नी मानसी तिवारी की तहरीर पर वैभव बाजपेई उर्फ कौस्तुभ बाजपेई, हर्षित बाजपेई समेत अन्य के खिलाफ हत्या के प्रयास, धमकी और एससी-एसटी एक्ट में रिपोर्ट दर्ज की गई है।

जांच में सामने आया कि चेतन तिवारी लगातार जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा मांगते रहे, लेकिन कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इसी लापरवाही के बीच घटना हुई। इससे पहले भी दोनों पक्षों में विवाद और हमले की घटनाएं दर्ज थीं। वर्ष 2023 तक दोनों के बीच दोस्ती थी, बाद में विवाद बढ़ गया।

परिजनों का आरोप है कि 9 अप्रैल 2025 को भी वैभव ने चाकू से हमला किया था, जिसकी शिकायत पुलिस को दी गई थी। इसके बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई।

इधर, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें आरोपी वैभव को कोतवाली में अकेले जाते और सरेंडर करते दिखाया गया है। जबकि पुलिस ने पहले सीसीटीवी फुटेज के आधार पर गिरफ्तारी का दावा किया था। वीडियो को लेकर पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठ रहे हैं।

संबंधित समाचार