Stock markets closed : चार दिन से जारी गिरावट के बाद थमा शेयर बाजार, 50 अंक की मामूली बढ़त के साथ बंद हुआ सेंसेक्स

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

मुंबई। स्थानीय शेयर बाजारों में पिछले चार कारोबारी सत्रों से जारी गिरावट पर बुधवार को विराम लगा और दोनों मानक सूचकांक लाभ में रहे। बीएसई सेंसेक्स 50 अंक चढ़ा जबकि एनएसई निफ्टी में 33 अंक की तेजी रही। हालांकि, कच्चे तेल की ऊंची कीमत और वैश्विक अनिश्चितता से तेजी पर अंकुश लगा। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 49.74 अंक यानी 0.07 प्रतिशत बढ़कर 74,608.98 अंक पर बंद हुआ। 

कारोबार के दौरान सेंसेक्स ऊंचे में 75,191.57 अंक तक गया जबकि नीचे में 74,134.48 अंक तक आया। इसी तरह, एनएसई निफ्टी 33.05 अंक यानी 0.14 प्रतिशत बढ़कर 23,412.60 अंक पर बंद हुआ। सेंसेक्स में शामिल शेयरों में एशियन पेंट्स, टाटा स्टील, अदाणी पोर्ट्स, भारत इलेक्ट्रॉनिक्स, भारती एयरटेल और लार्सन एंड टुब्रो प्रमुख रूप से लाभ में रहे। 

दूसरी तरफ, नुकसान में रहने वाले शेयरों में महिंद्रा एंड महिंद्रा, इन्फोसिस, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज, सन फार्मा और टेक महिंद्रा शामिल हैं। वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 0.5 प्रतिशत की गिरावट के साथ 107.27 डॉलर प्रति बैरल पर रहा। शेयर बाजार के आंकड़ों के अनुसार, विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) ने मंगलवार को 1,959.39 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। 

पिछले दो दिन से भारी बिकवाली के बाद घरेलू शेयर बाजारों में आज अपेक्षाकृत स्थिरता देखने को मिली और दोनों मानक सूचकांक मामूली बढ़त के साथ बंद हुए। लाइवलॉन्ग वेल्थ के शोध विश्लेषक और संस्थापक हरिप्रसाद के. ने कहा, ''बाजार सीमित दायरे में रहा। यह घबराहट में की गई बिकवाली में अस्थायी विराम का संकेत देता है। हालांकि, वैश्विक और घरेलू स्तर पर वृहद आर्थिक चिंताओं के बीच बाजार का रुख सतर्क बना हुआ है।'' 

मंगलवार को जारी सरकारी आंकड़ों के अनुसार, अप्रैल में खुदरा मुद्रास्फीति मामूली रूप से बढ़कर 3.48 प्रतिशत हो गई। एशिया के अन्य बाजारों में, दक्षिण कोरिया का कॉस्पी, जापान का निक्की, चीन का एसएसई कम्पोजिट और हांगकांग का हैंग सेंग बढ़त में रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर के कारोबार में मिला-जुला रुख देखने को मिला। अमेरिकी बाजार में मंगलवार को ज्यादातर में गिरावट थी। सेंसेक्स मंगलवार को 1,456.04 अंक लुढ़क कर 74,559.24 अंक पर बंद हुआ। वहीं निफ्टी 436.30 अंक की गिरावट के साथ 23,379.55 अंक पर रहा था।

ये भी पढ़ें : 
Stock markets closed : प्रमुख सूचकांक में बड़ी गिरावट के चलते लुढ़के शेयर बाजार, लाल निशान में आये सेंसेक्स-निफ्टी 

संबंधित समाचार