पेट्रोलियम मंत्री का भरोसा: देश में ईंधन की कोई कमी नहीं, LPG उत्पादन बढ़कर पहुंचा 54,000 टन प्रतिदिन

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

नई दिल्ली: केंद्रीय पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने मंगलवार को कहा कि देश में ईंधन की कोई कमी नहीं है और सप्लाई पूरी तरह सुचारू रूप से चल रही है। 

मंत्री ने बताया कि पश्चिम एशिया में चल रहे संकट के बावजूद सरकार ने LPG का उत्पादन बढ़ा दिया है। पहले जहां रोजाना 35,000 से 36,000 टन LPG का उत्पादन होता था, वही अब बढ़कर 54,000 टन प्रतिदिन हो गया है। इस मात्रा से करीब 38 लाख घरेलू सिलेंडर (14.2 किलो वाले) रोजाना भरे जा सकते हैं।

हरदीप सिंह पुरी ने CII के वार्षिक व्यापार सम्मेलन में कहा कि भारत के पास वर्तमान में 69 दिन का कच्चे तेल और LNG का भंडार तथा 45 दिन का LPG स्टॉक उपलब्ध है। 

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की मितव्ययिता की अपील पर जोर देते हुए पुरी ने कहा कि पश्चिम एशिया संकट के कारण पैदा होने वाले राजकोषीय दबाव को कम करने के लिए सभी को सतर्क रहना चाहिए। 

इससे पहले प्रधानमंत्री मोदी ने भी देशवासियों से अपील की थी कि ईंधन का विवेकपूर्ण उपयोग करें, मेट्रो और कारपूलिंग को बढ़ावा दें, इलेक्ट्रिक वाहनों का इस्तेमाल करें, काम से घर (Work from Home) को प्राथमिकता दें और अनावश्यक विदेश यात्राएं तथा सोने की खरीदारी को एक साल के लिए टाल दें। सरकार का प्रयास है कि पश्चिम एशिया के संकट का बुरा प्रभाव आम लोगों पर न पड़े।

संबंधित समाचार