Moradabad: गर्मी में बढ़ा चिकनपॉक्स का खतरा, तेज बुखार और शरीर पर दानों पहुंच रहे मरीज

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। भीषण गर्मी के बीच अब चिकनपॉक्स का संक्रमण भी तेजी से फैलने लगा है। जिला अस्पताल की त्वचा रोग ओपीडी में पिछले एक सप्ताह से चिकनपॉक्स के मरीज लगातार पहुंच रहे हैं। खासतौर पर युवा और बुजुर्ग तेज बुखार, शरीर पर लाल दाने और दर्द की शिकायत के साथ इलाज कराने आ रहे हैं। चिकित्सकों के अनुसार संक्रमण एक व्यक्ति से पूरे परिवार तक फैलने का खतरा बढ़ा रहा है।

जिला अस्पताल की त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. आबिदा ने बताया कि सामान्य तौर पर चिकनपॉक्स का संक्रमण जनवरी और फरवरी में तापमान कम होने पर अधिक फैलता है, लेकिन इस बार गर्मी के मौसम में भी इसके मामले तेजी से सामने आ रहे हैं। मरीजों में तेज बुखार के साथ चेहरे, पेट और पीठ पर दाने निकल रहे हैं। कई मरीजों में दानों के साथ दर्द और जलन की शिकायत भी मिल रही है।

उन्होंने बताया कि बच्चों में इसके लक्षण अपेक्षाकृत हल्के होते हैं और उनके लिए वैक्सीन भी उपलब्ध है, लेकिन युवा और बुजुर्गों में संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है। समय पर एंटी वायरल दवाएं न लेने से शरीर पर घाव बनने लगते हैं, जिससे परेशानी और बढ़ जाती है। डॉ. आबिदा के अनुसार चिकनपॉक्स वैरिसेला-जोस्टर वायरस से फैलने वाली संक्रामक बीमारी है। संक्रमित व्यक्ति के खांसने, छींकने, सांस के संपर्क और छूने से यह तेजी से फैलती है। ऐसे में मरीज को परिवार के अन्य सदस्यों से अलग रखना जरूरी है। अस्पताल प्रशासन ने लोगों से लक्षण दिखने पर तुरंत चिकित्सकीय सलाह लेने की अपील की है।

ऐसे करें चिकनपॉक्स से बचाव

संक्रमित व्यक्ति से दूरी बनाकर रखें।

मरीज के कपड़े, तौलिया और बर्तन अलग रखें।

हाथों को साबुन से बार-बार धोएं।

शरीर पर दाने निकलने पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

बच्चों को समय पर वैक्सीन लगवाएं।

भीड़ वाले स्थानों पर जाने से बचें।
पौष्टिक भोजन और पर्याप्त पानी का सेवन करें।

संबंधित समाचार