हरदोई पुलिस की बड़ी कार्रवाई : मुठभेड़ के बाद दो शातिर लुटेरे गिरफ्तार, एक पुलिसकर्मी भी जख्मी
हरदोई। उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में सांडी थाना पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान छिनैती की घटनाओं में शामिल दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। इस दौरान एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि एक पुलिसकर्मी भी जख्मी हुआ है।
पुलिस सूत्रों ने गुरुवार को बताया कि 29 अप्रैल को नेकपुर हातिमपुर निवासी अमित कुमार अपनी माता और भाभी सविता के साथ बाइक से एक शादी समारोह में जा रहे थे। रास्ते में ग्राम सैतियापुर के पास बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी भाभी के कान से सोने का झाला छीन लिया और फरार हो गए थे। इस मामले में सांडी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था।
उन्होंने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित टीम सीसीटीवी फुटेज और सर्विलांस की मदद से आरोपियों की तलाश कर रही थी। इसी बीच 13 और 14 मई की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी बघौली रोड की ओर से लूटा गया सामान बेचने के लिए आने वाले हैं।
सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की, लेकिन बाइक सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में शीलू पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि उसका साथी अमित को गिरफ्तार कर लिया गया। मुठभेड़ के दौरान कांस्टेबल ब्रिजेश कुमार शुक्ला भी घायल हुए हैं। घायल बदमाश और पुलिसकर्मी को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है।
पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने सांडी क्षेत्र में हुई छिनैती की घटना के अलावा सुरसा थाना क्षेत्र के बिलग्राम-हरदोई रोड पर चोरी की एक अन्य वारदात में भी शामिल होने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक बिना नंबर की मोटरसाइकिल, दो सोने के कान के झाले, दो मोबाइल फोन, एक 315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा एक खोखा कारतूस बरामद किया है।
