Bulandshahr Encounter : मुठभेड़ के बाद पुलिस ने शातिर बदमाश को किया गिरफ्तार, अवैध तमंचा व कारतूस बरामद
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश में बुलंदशहर जिले के खानपुर क्षेत्र में पुलिस ने एक सशस्त्र मुठभेड़ में एक शातिर बदमाश को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस क्षेत्राधिकारी सियाना रामकरण सिंह ने शनिवार को बताया कि 14 मई को थाना खानपुर क्षेत्र के ग्राम माधौगढ़ में रास्ता निकालने को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद हुआ था, जिसके दौरान हवाई फायरिंग की घटना भी सामने आई थी।
इस संबंध में प्राप्त तहरीर के आधार पर थाना खानपुर में विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी शौकेन्द्र ने बताया कि उसने एक अवैध असलाहा गुरावली गांव के पास सड़क किनारे छिपाकर रखा है। पुलिस के अनुसार 15/16 मई की रात थाना खानपुर पुलिस आरोपी शौकेन्द्र की निशानदेही पर असलाहा बरामद करने के लिए गुरावली गांव के पास पहुंची थी।
इसी दौरान आरोपी ने पुलिस अभिरक्षा से भागने का प्रयास करते हुए अवैध तमंचे से पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस द्वारा की गई जवाबी फायरिंग में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल आरोपी को गिरफ्तार कर उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
उसके कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक खोखा कारतूस तथा एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान शौकेन्द्र पुत्र राजाराम निवासी ग्राम माधौगढ़, थाना खानपुर, जनपद बुलन्दशहर के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी के विरुद्ध करीब आठ आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
