UP एनर्जी एक्सपो संपन्न : ईवी मोबिलिटी और भविष्य की ऊर्जा पर रहा विशेष फोकस
लखनऊ। उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो 2026 का तीन दिवसीय आयोजन इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में शनिवार को संपन्न हो गया। इस वर्ष एक्सपो का विशेष फोकस ईवी मोबिलिटी और भविष्य की ऊर्जा पर रहा। यह आयोजन यूपी स्टेट चैप्टर, पीएचडीसीसीआई और फर्स्टव्यू द्वारा किया गया, जिसमें यूपीनेडा, इन्वेस्ट यूपी तथा यूपीपीसीएल, प्रदेश सरकार की मदद से हुआ।
कार्यक्रम को एनटीपीसी, सिडबी, एसबीआई, सिगएनर्जी, पॉलीकैब और केईआई वायर्स एंड केबल्स का भी साथ मिला। एक्सपो में 10 हजार से अधिक आगंतुकों ने भाग लिया। आयोजन के तीसरे व अंतिम दिन विशेष उच्चस्तरीय सम्मेलनों का आयोजन किया गया। इन सत्रों में नीति-निर्माण, बैटरी तकनीक, सार्वजनिक एवं आवासीय चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। टाटा मोटर्स, रिलायंस बीपी मोबिलिटी और चार्जज़ोन जैसी प्रमुख कंपनियों ने फ्लीट इलेक्ट्रिफिकेशन और स्मार्ट ग्रिड तैयारियों को बढ़ाने संबंधी अपने विचार साझा किए।
राजेश निगम, सह-अध्यक्ष, यूपी स्टेट चैप्टर, पीएचडीसीसीआई, ने कहा, "उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो 2026 को मिली प्रतिक्रिया अत्यंत उत्साहजनक रही है। हम अपने सभी साझेदारों, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों, प्रदर्शकों, डेलीगेट्स और आगंतुकों का धन्यवाद करते हैं, जिन्होंने इस पहल को बड़ी सफलता दिलाई और स्वच्छ एवं सतत भविष्य की दिशा में हमारी सोच को मजबूती प्रदान की।"
अतुल श्रीवास्तव, सीनियर रीजनल डायरेक्टर, यूपी स्टेट चैप्टर, पीएचडीसीसीआई, ने कहा, "उत्तर प्रदेश एनर्जी एक्सपो 2026 उद्योग सहयोग, नीति संवाद, नवाचार और अक्षय ऊर्जा एवं इलेक्ट्रिक मोबिलिटी में निवेश के लिए एक महत्वपूर्ण मंच के रूप में उभरा है। देशभर से विभिन्न हितधारकों की उत्साहजनक भागीदारी यह दर्शाती है कि उत्तर प्रदेश सतत ऊर्जा विकास और भविष्य की मोबिलिटी समाधानों में तेजी से अग्रणी भूमिका निभा रहा है।"
दिन की शुरुआत "यूपी ईवी मोबिलिटी समिट: पॉलिसी, मार्केट डायनेमिक्स एंड एक्सेलेरेटिंग ईवी एडॉप्शन इन उत्तर प्रदेश" से हुई, इस सत्र में उत्तर प्रदेश के तेजी से विकसित हो रहे ईवी इकोसिस्टम, सरकारी नीतिगत समर्थन, ईवी निर्माण के अवसर, बैटरी तकनीक के विकास, फ्लीट इलेक्ट्रिफिकेशन और ईवी फाइनेंसिंग नवाचारों पर चर्चा की गई। पैनल में टाटा पावर, टाटा मोटर्स, रिलायंस बीपी मोबिलिटी, चार्जज़ोन और एलआईबी इंडिया के प्रतिनिधियों सहित कई प्रमुख उद्योग विशेषज्ञों ने भाग लिया और भारत के इलेक्ट्रिक मोबिलिटी इकोसिस्टम को मजबूत करने संबंधी अपने विचार साझा किए।
एक अन्य महत्वपूर्ण सत्र "ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर: पावरिंग ईवी एडॉप्शन इन उत्तर प्रदेश - पब्लिक एंड रेजिडेंशियल चार्जिंग इकोसिस्टम्स" का आयोजन किया गया। इस सत्र में शहरी और आवासीय क्षेत्रों में एकीकृत ईवी चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर के विकास पर चर्चा हुई। विशेषज्ञों ने सार्वजनिक चार्जिंग विस्तार, डिस्कॉम की तैयारियों, स्मार्ट चार्जिंग सिस्टम, नीतिगत सुधार, फाइनेंसिंग मॉडल और उपयोगकर्ता-केंद्रित चार्जिंग नेटवर्क पर अपने विचार रखे।
