Good News : महराजगंज में 6 करोड़ की लागत से बनेगा नया विद्युत उपकेंद्र, 35 गांवों को मिलेगी राहत

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

महराजगंज। महाराजगंज जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिये खेम पिपरा में करीब छह करोड़ रुपये की लागत से नया विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन) स्थापित किया जाएगा, जिससे क्षेत्र के लगभग 35 गांवों की 48 हजार से अधिक आबादी को निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। अधिकृत सूत्रों ने शनिवार को बताया कि विद्युत विभाग के अनुसार इस परियोजना को शासन स्तर से मंजूरी मिल चुकी है। 

अब टेंडर प्रक्रिया और अन्य औपचारिकताओं को तेजी से पूरा किया जा रहा है, ताकि निर्माण कार्य एक माह के भीतर शुरू कराया जा सके। नया सब स्टेशन शुरू होने के बाद बैकुंठपुर बिजली घर पर पड़ रहा अतिरिक्त भार काफी हद तक कम हो जाएगा। वर्तमान में खेम पिपरा और आसपास के गांवों की बिजली आपूर्ति बैकुंठपुर उपकेंद्र से की जा रही है, जहां अत्यधिक ओवरलोड के कारण बार-बार ट्रिपिंग, वोल्टेज में उतार-चढ़ाव और तकनीकी खराबियों की समस्या बनी रहती है। कई बार ट्रांसफार्मर फुंकने और लाइनों में फॉल्ट के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित हो जाती है। 

ओवरलोडिंग के कारण क्षेत्र में अघोषित बिजली कटौती से ग्रामीणों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सबसे अधिक प्रभाव बुजुर्गों, बच्चों, बीमार व्यक्तियों और किसानों पर पड़ रहा है, जबकि कृषि कार्य और छात्रों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि लंबे समय से चली आ रही इस समस्या के समाधान के लिए नया उपकेंद्र एक महत्वपूर्ण कदम साबित होगा। इससे बिजली आपूर्ति में स्थिरता आएगी और क्षेत्रीय विकास को भी गति मिलेगी। 

विद्युत विभाग के अनुसार इस परियोजना के तहत करीब 5,500 नए उपभोक्ताओं को भी सीधे लाभ मिलेगा, जो वर्तमान में बैकुंठपुर उपकेंद्र से जुड़े हैं। नए पावर हाउस में 5 एमवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर, दो नए फीडर तथा आधुनिक वितरण व्यवस्था विकसित की जाएगी। अधीक्षण अभियंता वाईपी सिंह ने बताया कि नया विद्युत उपकेंद्र बनने के बाद बैकुंठपुर पर लोड काफी कम हो जाएगा, जिससे ट्रिपिंग और फॉल्ट की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा उपभोक्ताओं को बेहतर और निर्बाध बिजली आपूर्ति मिल सकेगी। 

संबंधित समाचार