Moradabad: धूप की तपिश से बेहाल हुए लोग, उमस से बढ़ी परेशानी

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। शनिवार को तेज धूप और बढ़ती उमस ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी। सुबह से ही आसमान साफ रहने के कारण धूप तीखी रही और दोपहर होते-होते गर्मी ने लोगों को बेहाल कर दिया। अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हालांकि तापमान सामान्य सीमा में रहा, लेकिन हवा में नमी अधिक होने से उमस ने लोगों को ज्यादा परेशान किया।

दोपहर के समय शहर की सड़कों पर सामान्य दिनों की तुलना में कम आवाजाही दिखाई दी। जरूरी काम से बाहर निकले लोग धूप से बचने के लिए छांव का सहारा लेते नजर आए। बाजारों और चौराहों पर गन्ने के रस, शिकंजी, नारियल पानी और अन्य ठंडे पेय पदार्थों की दुकानों पर लोगों की भीड़ लगी रही। कई लोग सिर पर गमछा और छाता लगाकर धूप से बचाव करते दिखे। गर्मी का असर सबसे ज्यादा दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और सड़क किनारे काम करने वाले लोगों पर देखने को मिला। लगातार पसीना निकलने और गर्म हवाओं के कारण लोगों को थकान और बेचैनी महसूस हुई।

वहीं अस्पतालों में भी उल्टी, दस्त, बुखार और डिहाइड्रेशन के मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर में अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी है। मौसम विशेषज्ञों के अनुसार अगले दो दिनों तक मौसम में इसी तरह गर्मी और उमस बनी रह सकती है। ऐसे में लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी पीने, हल्का भोजन करने और धूप में निकलते समय सिर ढककर रखने की सलाह दी गई है। शाम के समय हल्की हवा चलने से लोगों को थोड़ी राहत जरूर मिली, लेकिन दिनभर की गर्मी ने लोगों को परेशान किए रखा।

 

संबंधित समाचार