कानपुर अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को मिले भारत रत्न, भाजपा सांसद ने की मांग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

कानपुर। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद रमेश अवस्थी ने महान पत्रकार, स्वतंत्रता सेनानी और अमर शहीद गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न से विभूषित करने की मांग की है। सांसद अवस्थी ने शनिवार को गणेश शंकर विद्यार्थी की ऐतिहासिक धरोहरों का भ्रमण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। सांसद ने फीलखाना स्थित ऐतिहासिक प्रताप प्रेस तथा नई सड़क चौबेगोला स्थित शहादत स्थल पहुंचकर निरीक्षण किया और विद्यार्थी जी के राष्ट्र निर्माण एवं पत्रकारिता के क्षेत्र में योगदान को याद किया।

इस अवसर पर सांसद रमेश अवस्थी ने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी केवल कानपुर ही नहीं, बल्कि पूरे देश की अमूल्य धरोहर हैं। उन्होंने अपने निर्भीक लेखन और राष्ट्रवादी विचारों के माध्यम से स्वतंत्रता आंदोलन को नई दिशा देने का कार्य किया। उन्होंने कहा कि "प्रताप" समाचार पत्र केवल एक अखबार नहीं था, बल्कि वह स्वतंत्रता संग्राम की मजबूत आवाज था, जिसने अंग्रेजी हुकूमत के खिलाफ जनजागरण का महत्वपूर्ण कार्य किया।

सांसद ने बताया कि उन्होंने संसद में भी गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न दिए जाने की मांग उठाई है। उनका कहना था कि विद्यार्थी जी का योगदान राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किए जाने योग्य है और आने वाली पीढ़ियों को उनके विचारों तथा बलिदान से प्रेरणा लेनी चाहिए।

रमेश अवस्थी ने कहा कि कानपुर की ऐतिहासिक पहचान से जुड़ी प्रताप प्रेस की स्मृतियों को पुनर्जीवित करने के लिए वह संकल्पबद्ध हैं और इस दिशा में सार्थक प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि नई सड़क चौबेगोला स्थित शहादत स्थल को भव्य और प्रेरणादायी स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस दौरान प्रताप प्रेस और गणेश शंकर विद्यार्थी की विरासत से जुड़े सामाजिक कार्यकर्ताओं और पत्रकारों ने सांसद के प्रयासों की सराहना की।

प्रताप वैश्विक शोध संस्थान की ओर से वरिष्ठ पत्रकार डॉ. रमेश वर्मा, भारतेंदु पुरी, सुधांशु त्रिपाठी, शांतनु त्रिपाठी, उमेश शुक्ला और सुनील साहू ने सांसद रमेश अवस्थी के आवास पहुंचकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि गणेश शंकर विद्यार्थी को भारत रत्न दिए जाने की मांग सदन में उठाना कानपुर के लिए गर्व का विषय है और किसी जनप्रतिनिधि द्वारा इस दिशा में किया गया यह पहला महत्वपूर्ण प्रयास है।

संबंधित समाचार