बाराबंकी : 562 शिकायतों में 49 का मौके पर हुआ निस्तारण, तहसील हैदरगढ़ में डीएम की अध्यक्षता में हुआ सम्पूर्ण समाधान दिवस

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। तहसील हैदरगढ़ में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में किया गया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय, उपजिलाधिकारी हैदरगढ़ राजेश विश्वकर्मा समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे। तहसील हैदरगढ़ में 236 में से 11 प्रकरणों का मौके पर निस्तारण कराया गया।

सम्पूर्ण समाधान दिवस के दौरान जिलाधिकारी ने जल जीवन मिशन के अंतर्गत सड़क खुदाई, पेयजल आपूर्ति, पाइपलाइन क्षति एवं जलापूर्ति बाधित होने से संबंधित प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी मामलों में टीम गठित कर गहन जांच कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को निर्देशित किया कि भूमि विवाद से जुड़े प्रकरणों में राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम भेजकर मौके पर गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित कराया जाए।

उन्होंने कहा कि सभी टीमें तत्काल स्थलीय निरीक्षण कर प्रकरणों का निस्तारण करें तथा सायं तक विस्तृत आख्या प्रस्तुत करें। इस दौरान जिलाधिकारी ने जनकल्याणकारी योजनाओं से संबंधित मामलों में पात्र लाभार्थियों को त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक समयबद्ध एवं पारदर्शी ढंग से पहुंचना चाहिए। किसी भी स्तर पर लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाएगी।

जनपद की समस्त तहसीलों में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस के अंतर्गत विभिन्न विभागों से संबंधित कुल 562 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 49 शिकायतों का मौके पर निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए।

तहसील नवाबगंज में ज्वाइंट मजिस्ट्रेट की अध्यक्षता में आयोजित समाधान दिवस में 148 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 15 का मौके पर निस्तारण किया गया। तहसील सिरौलीगौसपुर में 23 प्रार्थना पत्रों में से 9 का, तहसील रामसनेहीघाट में 66 में से 7 का, तहसील रामनगर में 54 में से 4 का तथा  तहसील फतेहपुर में 35 में से 3 का निस्तारण सुनिश्चित किया गया।

संबंधित समाचार