Bareilly: डीएलएड छात्रा की हत्या कर हाईवे किनारे फेंका शव, बरेली से शीशगढ़ जाते वक्त हुई थी लापता

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

सीबीगंज। फरीदपुर में डीएलएड की परीक्षा देकर शीशगढ़ जाते समय लापता हुई छात्रा की हत्या कर दी गई। उसका शव थाना सीबीगंज क्षेत्र में बाईपास के पास फेंक दिया गया। दूसरे दिन शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। हालात देखते हुए रेप की आशंका भी जताई जा रही है। एसएसपी के आदेश पर पुलिस की कई टीमें घटना की पड़ताल मेंं जुटी हैं। कातिलों तक पहुंचने के लिए आसपास के सीसीटीवी भी खंगाले जा रहे हैं।

पुलिस के अनुसार, छात्रा कस्बा शीशगढ़ की रहने वाली थी और बहेड़ी के कॉलेज से डीएलएड की पढ़ाई कर रही थी। फरीदपुर के छत्रपति शिवाजी कॉलेज में उसका परीक्षा सेंटर था। परीक्षा के सिलसिले में वह बरेली की आलोक नगर कालोनी में रिश्तेदार के यहां हुई थी। रिश्तेदार सुबह सेटेलाइट छोड़कर जाते थे। परीक्षा देकर वह वापस आ जाती थी। शुक्रवार को फरीदपुर से अकेली लौटी थी। फिर सेटेलाइट से बस में सवार होकर शीशगढ़ घर जा रही थी। शाम तक नहीं पहुंची तो परिजनों ने तलाश शुरू की मगर पता नहीं लगा।

 शनिवार को उसका शव सीबीगंज क्षेत्र में हाईवे से 150 मीटर अंदर मिला। आशंका जताई जा रही है कि छात्रा को रास्ते में बस से उतारकर कहीं ले जाया जाया गया। हत्या कहीं और करके शव यहां फेंक दिया गया। पता होते ही मौके पर पहुंचे एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि घटना के खुलासे को पुलिस व एसओजी के साथ चार टीमें जुटाई गई हैं। संदिग्धों के बारे में छानबीन कराई जा रही है। शव का पोस्टमार्टम विशेष पैनल से कराया जाएगा। वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी, ताकि कोई साक्ष्य न छूटे। अपराधी जल्द सलाखों के पीछे होंगे।

संबंधित समाचार