LSG VS PBKS: इकाना में 23 मई को एलएसजी का अंतिम मेगा शो, पंजाब किंग्स से होगा महामुकाबला
प्लेऑफ से बाहर, लेकिन घरेलू मैदान पर जीत के साथ विदाई की तैयारी
लखनऊ, अमृत विचार : आईपीएल के इस सीजन में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर होने के बावजूद लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) का प्रदर्शन और लोकप्रियता लगातार बनी हुई है। टीम 23 मई को इकाना स्टेडियम में अपना अंतिम घरेलू मुकाबला पंजाब किंग्स के खिलाफ खेलेगी, जिसे लेकर क्रिकेट प्रेमियों में खासा उत्साह है।
हाल के मैचों में एलएसजी के बल्लेबाजों ने आक्रामक प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया है। विशेषज्ञों का मानना है कि टीम का टॉप ऑर्डर और मिडिल ऑर्डर अब बेहतरीन लय में नजर आ रहा है, जिससे विपक्षी टीमों को कड़ी चुनौती मिल रही है। घरेलू मैदान पर एलएसजी ने पहले भी मजबूत टीमों को हराकर फैंस का दिल जीता है।
टीम के प्रमुख बल्लेबाज मिचेल मार्श, जॉश इंग्लिस, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी और समद लगातार अच्छी फॉर्म में हैं। वहीं गेंदबाजी में मोहम्मद शमी के साथ आकाश और प्रिंस ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
भले ही एलएसजी प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो चुकी हो, लेकिन टीम का आक्रामक खेल और खिलाड़ियों का आत्मविश्वास अगले सीजन के लिए मजबूत संकेत माना जा रहा है। अब सभी की नजरें पंजाब किंग्स के खिलाफ अंतिम मुकाबले पर टिकी हैं, जहां टीम जीत के साथ सीजन का अंत करना चाहेगी।
