देर रात शराब पीकर ‘गुरुजी’ फोन करते थे, लखनऊ विश्वविद्यालय के छात्रों ने लगाए शिक्षक पर गंभीर आरोप

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विश्वविद्यालय के प्राणिशास्त्र विभाग के शिक्षक पर लगे आरोपों के बाद सोशल मीडिया से लेकर परिसर तक चर्चाएं तेज हो गई हैं। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि संबंधित शिक्षक शराब पीने के भी शौकीन थे और नशे की हालत में देर रात फोन कर छात्रों को परेशान करते थे। बताया जा रहा है कि इस मामले में हसनगंज पुलिस ने शिक्षक को हिरासत में लिया है, जबकि विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से भी मामला दर्ज कराया गया है। इसके बाद भी छात्रों का गुस्सा शांत नहीं हो रहा है और वे कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

शुक्रवार देर रात तक विश्वविद्यालय परिसर में छात्रों ने नारेबाजी कर शिक्षक की गिरफ्तारी की मांग की थी। शनिवार को परिसर अपेक्षाकृत शांत रहा, लेकिन चर्चा का माहौल बना रहा।

प्राणिशास्त्र विभाग के छात्रों का कहना है कि शिक्षक लंबे समय से एक छात्रा को परेशान कर रहे थे और देर रात फोन कर मानसिक रूप से प्रताड़ित करते थे। छात्रों के अनुसार, छात्राएं अक्सर शुरुआत में शिकायत नहीं करतीं, लेकिन स्थिति गंभीर होने पर ही मामला सामने आता है।

छात्रों का कहना है कि यह घटना अचानक की नहीं है, बल्कि लंबे समय से चल रही गतिविधियों का परिणाम है। मामले की निष्पक्ष जांच और सख्त कार्रवाई की मांग की जा रही है।

 

संबंधित समाचार