Bareilly: महंगा होगा ट्रकों का मालभाड़ा, 1.80 रुपये प्रति टन बढ़ाने पर बनी सहमति
बरेली, अमृत विचार। मॉडल टाउन चौकी के पास खालसा डंप डीलर के कार्यालय पर बरेली ट्रक ओनर्स ट्रांसपोर्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन और डंप डीलर्स एसोसिएशन की आपात बैठक हुई। जिसमें डीजल के दामों में हुई बढ़ोतरी को लेकर माल भाड़े में वृद्धि करने पर चर्चा की गई। ट्रक मालिकों ने साफ कहा कि पुरानी दरों पर गाड़ियां चलाना मुमकिन नहीं है। यदि भाड़ा नहीं बढ़ाया गया तो वाहन स्वामी भुखमरी की कगार पर पहुंच जाएंगे।
प्रांतीय अध्यक्ष अमरजीत बक्शी ने कहा कि वर्तमान में गाड़ी मालिकों को एसोसिएशन की ओर से निर्धारित पुरानी सूची के अनुसार भी भाड़ा नहीं मिल पा रहा है, जो बेहद चिंताजनक है। एसोसिएशन के अध्यक्ष शोभित सक्सेना ने समस्या का व्यावहारिक समाधान निकालते हुए प्रस्ताव रखा कि बरेली से लोड होने वाली सीमेंट और खाद की गाड़ियों का किराया तत्काल 1.80 रुपये प्रति टन बढ़ा दिया जाए।
इससे गाड़ी मालिकों को राहत मिलेगी। डंप डीलर अध्यक्ष खालसा ने कहा कि संकट के इस दौर में हमें जनता का भी ध्यान रखना होगा। शोभित सक्सेना ने कहा यह व्यवस्था तब तक प्रभावी रहेगी जब तक डीजल की कीमत 3.14 रुपये प्रति लीटर बढ़ी हुई है। केपी. यादव, पोपिंदर सिंह, धीरज कौशल, अमित प्रियम, किशन अरोड़ा, विशाल गोयल, नवनीत गोयल, लकी आदि मोजूद रहे।
