UP: ट्रैक्टर ट्राली खंती में पलटी, महिलाओं-बच्चे समेत 20 घायल
बहजोई, अमृत विचार। गंगा स्नान और मुंडन संस्कार में शामिल होने जा रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली रविवार दोपहर दर्दनाक हादसे का शिकार हो गई। बहजोई कोतवाली क्षेत्र में टिकटा रोड पर बहरौली ताहरपुर के निकट सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे करीब 10 फीट गहरी खंती में जा पलटी। हादसे के समय ट्रॉली में महिलाओं और छोटे बच्चों समेत लगभग 40 से 45 लोग सवार थे। दुर्घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास के ग्रामीण राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। हादसे में बच्चों और महिलाओं समेत 20 लोग घायल हो गए। इनमें कई की हालत गंभीर बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार गांव कुंवरपुर निवासी प्रमोद कुमार के बच्चों का मुंडन संस्कार थाना रजपुरा क्षेत्र स्थित हरिबाबा बांध गंगा घाट पर होना था। इसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए परिवार और गांव के लोग ट्रैक्टर-ट्रॉली में सवार होकर गंगा घाट जा रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक रविवार दोपहर करीब 12:30 बजे ट्रैक्टर-ट्रॉली टिकटा रोड पर बहरौली ताहरपुर के पास पहुंची थी। इसी दौरान सामने से तेज गति से आ रही एक बाइक को बचाने के प्रयास में चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर-ट्रॉली पहले सड़क से नीचे कच्चे हिस्से में उतरी और फिर अनियंत्रित होकर खंती में पलट गई। हादसा इतना भीषण था कि ट्रॉली में बैठे लोग उछलकर दूर जा गिरे। कई महिलाएं और बच्चे ट्रॉली के नीचे दब गए। हादसे के तुरंत बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण दौड़ के मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
ग्रामीणों ने किसी तरह ट्रॉली के नीचे दबे लोगों को बाहर निकाला और घायलों को सड़क तक पहुंचाया। कई घायल दर्द से कराहते रहे और मौके पर चीख-पुकार का माहौल बना रहा। घटना की सूचना मिलते ही डायल-112 पुलिस, थाना बहजोई पुलिस और 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंच गईं। शुरुआत में दो एंबुलेंस से घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहजोई लाया गया। इसके बाद अन्य घायलों को भी अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल कुछ लोगों को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि अन्य घायलों का उपचार सीएचसी बहजोई में जारी है। बहजोई थाना प्रभारी राजीव कुमार मलिक ने बताया कि सड़क हादसे में कई लोग घायल हुए हैं, जिनका इलाज कराया जा रहा है। ट्रैक्टर चालक ऋषिपाल सिंह ने बताया कि सामने से आ रही बाइक को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर पलट गई।
ट्रैक्टर ट्राली पलटने से ये लोग हुए घायल
हादसे में प्रशांत (11 वर्ष) पुत्र रामनिवास, अर्पित (13 वर्ष) पुत्र ऑफिसर, जयवंती (60 वर्ष) पत्नी मुलायम सिंह, जबर सिंह (50 वर्ष) पुत्र खेमकरन, सत्यवती (48 वर्ष) पत्नी महावीर, नवाब सिंह (52 वर्ष) पुत्र सोहन, लाखन (45 वर्ष) पुत्र जयपाल, वीर सिंह (60 वर्ष) पुत्र किशन, ऋषिपाल (35 वर्ष) पुत्र पोलेंडर और सोहन (40 वर्ष) पुत्र रामप्रसाद समेत लगभग 20 लोगों के घायल होने की बात कही गई है। कुछ मामूली चोटिल हुए जबकि कुछ बच्चों और महिलाओं को ज्यादा चोटें आई हैं।
ट्रैक्टर-ट्रॉली से सफर बना जानलेवा
बहजोई। ग्रामीण क्षेत्रों में धार्मिक आयोजनों, गंगा स्नान और पारिवारिक कार्यक्रमों में ट्रैक्टर-ट्रॉली से लोगों को ले जाने का चलन लगातार बढ़ता जा रहा है। क्षमता से अधिक लोगों को बैठाकर सफर कराने और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। कहा जा रहा है कि पक्की सड़क पर ट्रैक्टर को तय स्पीड से ज्यादा तेज दौड़ाया जाता है जिस वजह से जरूरत पड़ने पर ट्रैक्टर नियंत्रित नहीं हो पाता। प्रशासनिक स्तर पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से लोग जोखिम भरा सफर करने को मजबूर हैं।
फोटो-5- बहजोई सीएचसी मेें भर्ती हादसे के घायल।
