यूपी में बरसने वाली है आग ... तापमान 40-50 डिग्री के पार, जानिए आपके जिलें में कैसा रहेगा मौसम 

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू का प्रकोप लगातार बढ़ता जा रहा है। मौसम विभाग में अगले पांच दिनो में प्रचंड गर्मी और लू के आसार व्यक्त किये हैं। विभाग के अनुसार पिछले 24 घंटों के दौरान प्रदेश के कई जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया, जबकि बांदा में लू की स्थिति दर्ज की गई।

मौसम विभाग द्वारा सोमवार को जारी हीट वेव बुलेटिन के अनुसार पिछले 24 घंटे में बांदा, प्रयागराज,झांसी, गाजीपुर और सुल्तानपुर में अधिकतम तापमान सामान्य से काफी अधिक दर्ज किया गया।  वहीं बाराबंकी, गोरखपुर, वाराणसी (बीएचयू), बहराइच, बांदा, फुर्सतगंज, मुजफ्फरनगर, मेरठ, उरई और आगरा ताज में तापमान सामान्य से ऊपर रहा।

बुलेटिन के मुताबिक पूर्वी उत्तर प्रदेश के बांदा जिले में लू की स्थिति दर्ज की गई। यहां रविवार को अधिकतम तापमान 46.4 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया जो देश भर में सबसे अधिक था वहीं प्रयागराज में दिन का तापमान 44.5,झांसी में 44.6, हमीरपुर में 44.2 और आगरा में 43.3 डिग्री सेल्सियस रहा। 

मौसम विभाग के अनुसार इस अवधि में पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं भी लू नहीं चली। मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों के दौरान प्रदेश के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक क्रमिक वृद्धि होने की संभावना जताई है। इसके बाद तापमान में किसी बड़े बदलाव की संभावना नहीं है। 

विभाग के अनुसार रविवार को मेरठ, आगरा, गाजियाबाद, बहराइच, लखनऊ, रायबरेली, सुल्तानपुर, गोरखपुर, प्रयागराज, झांसी, ललितपुर, वाराणसी, मऊ और महाराजगंज समेत कई जिलों में हीट इंडेक्स 40 से 50 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने की संभावना है। 

मौसम विभाग ने आगरा, अमेठी, औरैया, आजमगढ़, बलिया, बांदा, चंदौली, चित्रकूट, इटावा, फतेहपुर, फिरोजाबाद, गाजीपुर, हमीरपुर, जालौन, जौनपुर, झांसी, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, कौशांबी, ललितपुर, महोबा, मैनपुरी, मऊ, मिर्जापुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, रायबरेली, संत रविदास नगर, सोनभद्र, सुल्तानपुर, उन्नाव और वाराणसी जिलों में लू चलने की चेतावनी जारी की है। 

मौसम विभाग ने लोगों को दोपहर 11 बजे से तीन बजे के बीच अत्यधिक गर्मी में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी और तरल पदार्थ लेने तथा हल्के सूती कपड़े पहनने की सलाह दी है। 

ये भी पढ़ें : 
UP Cabinet Meeting: योगी कैबिनेट की बैठक, पिछड़ा वर्ग आयोग गठन समेत कई बड़े प्रस्तावों पर लगी मुहर  

 

 

 

 

 

 

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज