Asia Cup Bridge 2026: गोवा में सजेगा 'एशिया कप ब्रिज चैंपियनशिप' का मंच, 20 से अधिक देश लेंगे हिस्सा

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

गोवा। देश में 'कॉन्ट्रैक्ट ब्रिज' खेल की सर्वोच्च संचालन संस्था भारतीय ब्रिज महासंघ (बीएफआई) ने सोमवार को घोषणा की कि प्रतिष्ठित एशिया कप ब्रिज चैम्पियनशिप के पांचवें सत्र का आयोजन 21 से 27 जून तक गोवा में किया जाएगा। हर चार वर्ष में आयोजित होने वाली एशिया कप प्रतियोगिता महाद्वीपीय ब्रिज चैम्पियनशिप में सबसे प्रतिष्ठित मानी जाती है।

इसका आयोजन एशिया ब्रिज बिरादरी के तत्वावधान में होता है, जिसमें एशिया और ओशिआनिया के प्रमुख देशों की भागीदारी रहती है। इस वर्ष प्रतियोगिता में 20 से अधिक देशों के खिलाड़ियों के शामिल होने की उम्मीद है। इनमें भारत, चीन, जापान, सिंगापुर, थाईलैंड, इंडोनेशिया, मलेशिया, फिलीपींस, कोरिया, ऑस्ट्रेलिया, न्यूज़ीलैंड, बांग्लादेश, श्रीलंका, पाकिस्तान, संयुक्त अरब अमीरात, जॉर्डन, कुवैत और सऊदी अरब शामिल हैं। 

बीएफआई के अध्यक्ष प्रसाद केनी ने कहा, "यह दूसरा अवसर है जब भारत को प्रतिष्ठित एशिया कप ब्रिज चैम्पियनशिप की मेजबानी का सम्मान मिला है। यह वैश्विक 'माइंड स्पोर्ट्स' और बौद्धिक खेल आयोजनों के प्रमुख केंद्र के रूप में भारत की बढ़ती प्रतिष्ठा को दर्शाता है।" महाद्वीपीय चैम्पियनशिप में पुरुष, महिला, मिश्रित और वरिष्ठ टीम स्पर्धाओं के साथ-साथ ओपन और मिश्रित जोड़ियों की प्रतियोगिताएं भी आयोजित की जाएंगी। भारत ने इस आयोजन के पिछले सत्र में आठ स्वर्ण सहित 20 पदक जीते थे। 

ये भी पढ़ें : 
Malaysia Masters 2026 : टूर्नामेंट में 26 सदस्यीय युवाओं की ब्रिगेड उतरेगा भारत, पीवी सिंधु और सात्विक-चिराग की जोड़ी नहीं होंगे हिस्सा

संबंधित समाचार