गोमती नगर में 760 करोड़ से बनेगा लेक व्यू अपार्टमेंट, 18 जून तक कर सकते हैं ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन, जानें क्या है कीमत

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

लखनऊ, अमृत विचार : लखनऊ विकास प्राधिकरण गोमती नगर के विराज खंड में 760 करोड़ रुपये से 19 मंजिल का लेक व्यू अपार्टमेंट बनाएगा। 60 मीटर ऊंचे तीन टॉवरों में 2340 वर्गफिट क्षेत्रफल के 3 बीएचके प्लस सर्वेंट श्रेणी के 646 प्रीमियम फ्लैट बनेंगे। इसकी कीमत 1.13 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है। मंगलवार से फ्लैटों की ऑनलाइन बुकिंग शुरू हो जाएगी।

उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार ने बताया कि 19 मई से 18 जून तक फ्लैटों का पंजीकरण खोला है। पंजीकरण एलडीए की वेबसाइट के माध्यम से होगा। फ्लैट के अनुमानित मूल्य की 5 फीसद धनराशि बतौर पंजीकरण शुल्क जमा करनी है। जोकि आरक्षित वर्ग के लिए 2.5 फीसद होगी। फ्लैटों का आवंटन पारदर्शी प्रक्रिया के तहत लॉटरी के माध्यम से किया जाएगा। परिसर में सोसाइटी में स्वीमिंग पूल, पार्क, क्लब हाउस, किड्स प्ले-एरिया, पावर बैकअप और एक हजार से अधिक वाहनों की पार्किंग की सुविधा मिलेगी। व्यावसायिक जरूरतें पूरी करने के लिए कॉमर्शियल दुकानें भी बिक्री की जाएंगी। ये अपार्टमेंट बेहद प्राइम लोकेशन पर बनेगा। यहां से कुछ मिनटों की दूरी पर शहीद पथ, गोमती नगर रेलवे स्टेशन, अवध बस स्टेशन, सिनेपॉलिस मॉल, हॉस्पिटल, स्कूल आदि प्रमुख स्थल मिल जाएंगे। साथ ही अपार्टमेंट के पास स्थित झील के परिक्षेत्र में एंटरटेन्मेंट जोन एवं जॉगिंग ट्रैक विकसित किया जाएगा।

तीन वर्ष में निर्माण और पांचवें वर्ष मिलेगा कब्जा

अपर सचिव सीपी त्रिपाठी ने बताया कि प्रोजेक्ट तीन वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। पांचवें वर्ष के भीतर आवंटियों को फ्लैट का कब्जा प्रदान किया जाएगा। फ्लैट के लिए पंजीकरण कराने वाले आवेदकों को आवंटन के दौरान 36 महीने की किश्तों में पूर्ण धनराशि जमा करानी होगी। वहीं, 45 से 90 दिनों में पूर्ण धनराशि जमा करने पर 6 से 4 फीसद की छूट मिलेगी।

संबंधित समाचार