Moradabad:AGM के बाद बढ़ी खींचतान, निर्यातकों के दो गुटों में बढ़ी दूरी, नई संस्था गठन की तैयारी तेज

Amrit Vichar Network
Published By Monis Khan
On

मुरादाबाद, अमृत विचार। मुरादाबाद के निर्यात जगत में हाल ही में हुई एजीएम के बाद से खींचतान का माहौल लगातार गहराता जा रहा है। बैठक के दौरान सामने आई तल्खी के बाद अब कुछ निर्यातकों द्वारा नई संस्था के गठन की तैयारी किए जाने की चर्चा तेज हो गई है। इससे उद्योग जगत में नई बहस छिड़ गई है कि मतभेदों को बातचीत से सुलझाया जाए या फिर अलग मंच बनाकर काम किया जाए।

एजीएम के दौरान कई मुद्दों को लेकर कुछ निर्यातकों ने नाराजगी जताई थी। इसके बाद से उद्योग जगत में दो पक्षों के बीच दूरी बढ़ने की बातें सामने आने लगीं। इसी बीच एक्सपोर्टर्स वॉयस एसोसिएशन नाम से नई संस्था के गठन की तैयारी की खबरों ने हलचल और बढ़ा दी है। हाल ही में कई निर्यातकों को संस्था से जुड़ने के लिए संदेश भी भेजे गए हैं। नई संस्था से जुड़े लोगों का कहना है कि उद्योग हितों की अनदेखी और व्यक्तिगत हितों के हावी होने के कारण अलग मंच की जरूरत महसूस हुई। उनका कहना है कि निर्यातकों की समस्याओं को प्रभावी ढंग से उठाने और उन्हें एक मजबूत आवाज देने के उद्देश्य से यह पहल की जा रही है।

निर्यातक विशाल अग्रवाल ने कहा कि संस्थाओं में कई बार पद मिलने के बाद मूल उद्देश्य पीछे छूट जाते हैं। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में निर्यातकों और उद्यमियों ने उनसे अपनी समस्याएं साझा की थीं। जब इन मुद्दों को एमएचईए की बैठक में उठाया गया तो जिस प्रकार का व्यवहार हुआ, उसके बाद अलग संस्था बनाने की जरूरत महसूस हुई।

वहीं, मुरादाबाद हैंडीक्राफ्ट एक्सपोर्ट्स एसोसिएशन (एमएचईए) के अध्यक्ष नावेद उर रहमान का कहना है कि एजीएम के बाद कुछ निर्यातकों में रोष जरूर है, लेकिन समस्याओं का समाधान बातचीत से ही संभव है। उन्होंने कहा कि अलग होकर नई संस्था बनाने से निर्यातक वर्ग कमजोर होगा और इससे उद्योग हित प्रभावित हो सकते हैं।

उधर, उद्योग से जुड़े अन्य संगठनों के पदाधिकारियों का भी मानना है कि मतभेद होना स्वाभाविक है, लेकिन सभी पक्षों को एक मंच पर बैठकर समाधान निकालना चाहिए। इंडियन इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (आईआईए) की हैंडीक्राफ्ट डेवलपमेंट कमेटी के चेयरमैन सुरेश गुप्ता ने कहा कि पहले भी नई संस्थाएं बनती रही हैं, लेकिन उद्योग की मजबूती के लिए संवाद जरूरी है।

लघु उद्योग भारती के प्रदेश महामंत्री अमित अग्रवाल ने कहा कि यदि नई संस्था निर्यातकों के हित में काम करती है तो उसका स्वागत होना चाहिए। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि शहर में बड़ी संख्या में ऐसे निर्यातक हैं जो किसी संगठन से नहीं जुड़े हैं, ऐसे लोगों को भी नया मंच मिल सकता है।

 

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज