मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अधिकारियों की फ्लीट में आधी कटौती... पीएम मोदी के आह्वान पर सीएम योगी की बड़ी पहल

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ समेत मंत्री, सांसद, विधायक और अफसर पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलेंगें

लखनऊ, अमृत विचार: वैश्विक हालात और बढ़ती आर्थिक चुनौतियों के बीच मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसाधन बचत संबंधी आह्वान को प्रदेश में लागू करने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। मुख्यमंत्री ने मंत्रियों और वरिष्ठ अधिकारियों की फ्लीट में तत्काल 50 प्रतिशत कटौती के निर्देश दिए हैं। सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने और मंत्री, सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने की सलाह दी।

मुख्यमंत्री योगी ने मंगलवार को मुख्य सचिव, डीजीपी और सभी विभागों के अपर मुख्य सचिवों एवं प्रमुख सचिवों के साथ बैठक में कहा कि दुनिया में अस्थिरता का माहौल है, ऐसे में संसाधनों के विवेकपूर्ण उपयोग की जरूरत है। उन्होंने निर्देश दिया कि मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अधिकारियों के काफिलों से अनावश्यक वाहन हटाए जाएं। सीएम ने सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने और मंत्री, सांसद, विधायक व जनप्रतिनिधियों को सप्ताह में कम से कम एक दिन सार्वजनिक परिवहन का उपयोग करने को कहा।

उन्होंने मेट्रो, पीएनजी, बस, कार पूलिंग, साइक्लिंग और ईवी के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर विशेष जोर दिया। साथ ही प्रदेशवासियों से ईंधन की खपत कम करने, सार्वजनिक परिवहन अपनाने और अनावश्यक सोने की खरीद से बचने की अपील की है। मुख्यमंत्री योगी ने औद्योगिक संस्थानों, स्टार्टअप्स और सरकारी कार्यालयों में वर्क फ्रॉम होम संस्कृति को प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि राज्य सचिवालय और निदेशालय की 50 प्रतिशत आंतरिक बैठकें वर्चुअल माध्यम से आयोजित की जाएं। स्कूलों और कॉलेजों में भी सेमिनार, वर्कशॉप और बैठकों को ऑनलाइन मोड में करने पर जोर दिया गया। ऊर्जा बचत को लेकर मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी और निजी भवनों में अनावश्यक बिजली का उपयोग रोका जाए। व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में रात 10 बजे के बाद सजावटी रोशनी सीमित रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत रूफटॉप सोलर अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री ने लोगों से अगले छह माह तक गैरजरूरी विदेशी यात्राओं से बचने और देश के भीतर पर्यटन को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने “विजिट माई स्टेट” अभियान शुरू करने के निर्देश दिए, जिसके तहत हेरिटेज, ईको, ग्रामीण और धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। उन्होंने ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को उपहार के रूप में बढ़ावा देने तथा स्वदेशी वस्तुओं के उपयोग पर भी जोर दिया। सीएम ने खाद्य तेल की खपत कम करने, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन देने और गोशालाओं से निकलने वाले गोबर के उपयोग को बढ़ाने के निर्देश भी दिए।

सीएम योगी के बड़े निर्देश

• मुख्यमंत्री, मंत्रियों और अधिकारियों की फ्लीट में 50% कटौती

• सप्ताह में एक दिन ‘नो व्हीकल डे’ मनाने की अपील

• मंत्री, सांसद, विधायक और अफसर सप्ताह में एक दिन पब्लिक ट्रांसपोर्ट से चलें

• मेट्रो, बस, पीएनजी, ईवी, कार पूलिंग और साइक्लिंग को बढ़ावा

• सरकारी बैठकों, सेमिनार और वर्कशॉप का वर्चुअल आयोजन

• सचिवालय और निदेशालय की 50% बैठकें ऑनलाइन होंगी

• उद्योगों और स्टार्टअप्स में ‘वर्क फ्रॉम होम’ को प्रोत्साहन

• अगले छह माह तक गैरजरूरी विदेशी यात्राओं से बचने की अपील

• अनावश्यक सोने की खरीदारी न करने का आग्रह

• सरकारी और निजी भवनों में बिजली बचत पर जोर

• रात 10 बजे के बाद सजावटी रोशनी सीमित रखने के निर्देश

• स्कूल बस और पब्लिक ट्रांसपोर्ट के अधिक उपयोग पर फोकस

• पीएम सूर्य घर योजना के तहत रूफटॉप सोलर को बढ़ावा

• ‘विजिट माई स्टेट’ अभियान चलाकर घरेलू पर्यटन को प्रोत्साहन

• ओडीओपी और जीआई टैग उत्पादों को सरकारी उपहारों में प्राथमिकता

• खाद्य तेल के कम उपयोग और नेचुरल फार्मिंग पर जोर

संबंधित समाचार