आर्ट ऑफ़ लिविंग के संस्थापक रविशंकर का 70वां जन्मदिन आज
गांधी भवन में भजन संध्या और रघुवर कृपा हाल में विशेष महाक्रिया सत्र
लखनऊ, अमृत विचार। आर्ट ऑफ़ लिविंग के संस्थापक रविशंकर के 70वें जन्मोत्सव पर 13 मई को गांधी भवन में भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। द आर्ट ऑफ लिविंग लखनऊ चैप्टर द्वारा आयोजित होने वाले इस विशेष उत्सव में बड़ी संख्या में लोग ध्यान और भजन में सहभागिता करेंगे।
गांधी भवन में शाम 6 बजे से होने वाली भजन संध्या तेरा मैं का आयोजन होगा। कार्यक्रम में भजन गायिका चित्रा रॉय अपनी मधुर और भावपूर्ण प्रस्तुतियों से वातावरण को भक्तिमय बनाएंगी। कार्यक्रम का विशेष आकर्षण सत्संग के दौरान गुरु रविशंकर द्वारा लाइव मेडिटेशन होगा, जिसमें उपस्थित लोग सामूहिक ध्यान और गहन शांति का अनुभव कर सकेंगे।
इस मौके पर सीतापुर रोड स्थित रघुवर कृपा हाल में शाम 7 बजे से एक विशेष महाक्रिया सत्र आयोजित किया जाएगा। इसमें विस्तारित सुदर्शन क्रिया कराई जाएगी। सुदर्शन क्रिया को गुरुदेव का मानवता को दिया गया एक अमूल्य उपहार माना जाता है। यह एक विशेष श्वास तकनीक है, जो व्यक्ति के शारीरिक, मानसिक, भावनात्मक और आध्यात्मिक स्तर पर संचित तनाव को दूर करने में सहायक मानी जाती है। विश्व भर में हुए अनेक वैज्ञानिक अध्ययनों में इसके स्वास्थ्य एवं मानसिक संतुलन पर सकारात्मक प्रभावों को भी स्वीकार किया गया है।
यह आयोजन गिफ्ट ए स्माइल परियोजना को भी समर्थन देगा, जिसके अंतर्गत द आर्ट ऑफ लिविंग द्वारा ग्रामीण और वंचित बच्चों के लिए निःशुल्क विद्यालय संचालित किए जाते हैं। कार्यक्रम से प्राप्त सहयोग और योगदान इन बच्चों की शिक्षा, पोषण और समग्र विकास में सहायक होगा।
