Prayagraj News : भूसे के कोठरी में मिला मासूम बच्ची का शव, चाचा-चाची और चचेरे भाइयों पर हत्या का आरोप
प्रयागराज। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के औद्योगिक थाना क्षेत्र में एक मासूम का शव भूसे के कमरे में पाये जाने से सनसनी फैल गयी। पुलिस सूत्रों ने मंगलवार को बताया कि व्योहरा गांव निवासी सुशील कुमार चौधरी की आठ वर्षीय पुत्री जानवी सोमवार शाम लगभग छह बजे से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चल सका।
देर रात बच्ची का शव उसके छोटे बाबा के घर के अंदर बने भूसे के कमरे से बरामद हुआ। घटना की जानकारी मिलते ही सहायक पुलिस उपायुक्त करछना सुनील कुमार सिंह, औद्योगिक थाना प्रभारी कमलेश कुमार, करछना थाना प्रभारी प्रवीण कुमार गौतम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
परिजनों का आरोप है कि बच्ची की हत्या उसके पिता के चाचा-चाची और दो चचेरे भाइयों ने की है। परिजनों के अनुसार शव आरोपियों के घर के अंदर से बरामद हुआ। पुलिस ने मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी फरार बताया जा रहा है, जिसकी तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। मृतक बच्ची जानवी कक्षा दो की छात्रा थी और अपने चार भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। उसके पिता सुशील कुमार चौधरी राजमिस्त्री का कार्य करते हैं।
पुलिस सूत्रों ने बताया कि बच्ची के शरीर पर कई स्थानों पर चोट के निशान पाए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही दुष्कर्म और हत्या के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
