प्रयागराज : आग में फंसी मां की मौत, 13 वर्षीय बेटी गंभीर

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

प्रयागराज, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश में प्रयागराज जिले के नैनी बाजार क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक मकान में भीषण आग लगने से मां-बेटी गंभीर रूप से झुलस गईं। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उपचार के दौरान मां की मौत हो गई, जबकि 13 वर्षीय बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। पुलिस सूत्रों ने बुधवार को बताया कि नैनी बाजार निवासी रामलाल केसरवानी के मकान में नीचे 'संजीवनी क्रॉकरी' नाम से दुकान तथा गोदाम संचालित है।

देर रात गोदाम में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना के समय मकान में तीन भाइयों का परिवार मौजूद था। आग लगने के बाद घर में मौजूद महिलाएं अंदर फंस गईं, जबकि परिवार के अन्य सदस्यों ने पड़ोसी की छत पर कूदकर अपनी जान बचाई। स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत कार्य शुरू किया और पुलिस तथा फायर ब्रिगेड को सूचना दी। हादसे में दुकान मालिक संजीव केसरवानी की पत्नी अर्चना, उनकी भाभी सरिता तथा बेटी गंभीर हालत में बाहर निकाली गईं। अर्चना और उनकी बेटी को जिला अस्पताल भेजा गया, जहां इलाज के दौरान अर्चना की मौत हो गई। बेटी का आईसीयू में उपचार जारी है। सरिता को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। आग की सूचना मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। चार दमकल गाड़ियां आग बुझाने में जुटी रहीं। आग के कारण मकान में रखा सारा सामान जलकर राख हो गया। एहतियातन आसपास की दुकानों को भी बंद करा दिया गया। नैनी इंस्पेक्टर बृजकिशोर गौतम ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और अंदर फंसे लोगों को बाहर निकालने का अभियान शुरू किया गया। राहत कार्य के दौरान राहुल और धर्मेंद्र नाम के दो सिपाही भी झुलस गए। उन्होंने बताया कि इस घटना में दम घुटने से एक महिला की मौत हुई है तथा दो अन्य लोग घायल हैं, जिनका उपचार चल रहा है।

संबंधित समाचार