MP ट्विशा शर्मा मौत केस : पिता का बड़ा आरोप- सिस्टम पर दबाव बना सकता है ससुराल पक्ष, मामले की हो निष्पक्ष जांच

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

भोपाल। भोपाल के कटारा हिल्स में 12 मई को ससुराल में संदिग्ध परिस्थितियों में जान गंवाने वाली ट्विशा शर्मा के पिता नव निधि शर्मा ने मंगलवार को सार्वजनिक बयान जारी कर आरोप लगाया कि आरोपी पक्ष प्रभावशाली है और जांच प्रक्रिया तथा सिस्टम पर दबाव बनाने में सक्षम है। नव निधि शर्मा ने कहा कि उनकी बेटी अब जवाब नहीं दे सकती, लेकिन आरोपी पक्ष लगातार सार्वजनिक रूप से अपना बचाव कर रहा है और झूठे नैरेटिव गढ़ रहा है, जिससे शोक संतप्त परिवार को गहरा दुख पहुंच रहा है। 

उन्होंने कहा, “टूटे दिल और असहनीय पीड़ा के साथ मैं अपनी बेटी की गरिमा, न्याय और निष्पक्ष जांच की रक्षा के लिए यह बयान जारी करने को मजबूर हूं।” परिवार ने पहले ही आशंका जताई थी कि ट्विशा की सास और सेवानिवृत्त न्यायाधीश गिरिबाला सिंह के परिवार का काफी प्रभाव है, जो जांच, जनमत और पूरी प्रक्रिया को प्रभावित कर सकता है। नव निधि शर्मा ने संविधान, न्यायपालिका और जांच एजेंसियों पर भरोसा जताते हुए निष्पक्ष जांच की अपील की है।

पिता की मुख्य मांगें:
  1. ट्विशा के शव का एम्स भोपाल से एम्स नई दिल्ली में दूसरा पोस्टमॉर्टम
  2. गिरिबाला सिंह को उनके अर्ध-न्यायिक पद से निलंबित करने की मांग
  3. पूरी जांच बिना किसी दबाव के पूरी हो
ट्विशा के पति और सास के खिलाफ दर्ज  एफआईआर  

पुलिस ने ट्विशा के पति समर्थ सिंह और उनकी मां गिरिबाला सिंह के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। गिरिबाला सिंह को अंतरिम जमानत मिल गई है, जबकि समर्थ सिंह की जमानत याचिका खारिज हो चुकी है और वह फरार है। पुलिस ने एसआईटी गठित कर जांच शुरू कर दी है। ट्विशा और समर्थ की शादी दिसंबर 2025 में हुई थी। ट्विशा के परिवार का आरोप है कि दहेज की मांग को लेकर उसे मानसिक और शारीरिक प्रताड़ना दी जा रही थी। साथ ही गर्भपात का दबाव भी बनाया जा रहा था। 

परिवार ने अदालत में ट्विशा के व्हाट्सएप संदेशों का हवाला दिया है, जिनमें उसने अपनी जिंदगी को नरक बताया था और मां से उसे घर ले जाने की गुहार लगाई थी। परिवार का कहना है कि बचाव पक्ष द्वारा दी गई कहानी (ब्यूटी पार्लर जाने और छत पर एक्सरसाइज बैंड से लटके मिलने) सही नहीं है। ट्विशा के अवशेष फिलहाल एम्स भोपाल में रखे गए हैं। परिवार लगातार निष्पक्ष जांच और बेटी की गरिमा की रक्षा के लिए प्रयासरत है।

संबंधित समाचार