देश का सबसे गर्म शहर यूपी का बांदा, तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस; गर्मी से राहत की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Anjali Singh
On

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के लगभग सभी जिले मंगलवार को भी भीषण गर्मी और लू के प्रकोप से बेहाल रहे। बुंदेलखंड का बांदा जिला देश का सबसे गर्म स्थान रहा जहां अधिकतम तापमान 48.2 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार गर्मी से राहत की फिलहाल कोई उम्मीद नहीं है। प्रदेश में लू से भीषण लू का रेड अलर्ट अगले दो दिन रहेगा जबकि उसके बाद ऑरेंज अलर्ट जारी रहेगा। 

पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अगले दो दिनों तक उष्ण रातें रहेंगी। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क बना हुआ है तथा तेज सतही हवाओं के साथ कई जिलों में हीटवेव से लेकर गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी हुई है। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश के कई शहरों में तापमान सामान्य से ऊपर दर्ज किया गया है।

मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ का अधिकतम तापमान 40.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.7 डिग्री अधिक रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 27.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो सामान्य से 2.5 डिग्री अधिक है। 

अगले 24 घंटों के दौरान लखनऊ और आसपास के क्षेत्रों में आसमान साफ रहने तथा 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। अधिकतम तापमान 42 डिग्री और न्यूनतम तापमान 28 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि दक्षिणी उत्तर प्रदेश के अधिकांश हिस्सों तथा शेष प्रदेश के कई जिलों में हीटवेव से गंभीर हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है। 

वहीं पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में गर्म रात (वार्म नाइट) की भी संभावना है। प्रदेश में सर्वाधिक तापमान बांदा में 48.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 4.7 डिग्री अधिक रहा। इसके अलावा झांसी और आगरा में अधिकतम तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। प्रयागराज में पारा 45.8 डिग्री, उरई में 45.2 डिग्री, कानपुर शहर में 44 डिग्री और मेरठ में 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। 

वाराणसी बीएचयू में अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री, फतेहगढ़ में 42.4 डिग्री, हरदोई में 42 डिग्री, फरसतगंज में 42.1 डिग्री तथा शाहजहांपुर में 41.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं गोरखपुर में 36.9 डिग्री, बस्ती में 38 डिग्री और बाराबंकी में 38.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी लखनऊ समेत पूर्वांचल और बुंदेलखंड के जिलों में दिन का तापमान 44 से 46 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच गया है, जबकि रात में भी गर्म हवाओं के कारण लोगों को राहत नहीं मिल रही है। 

बलिया से गाजियाबाद तक सुबह नौ बजे से ही गर्म हवा के थपेड़ों से लोग बेहाल दिखाई दिये जबकि 11 बजते बजते सड़कों पर सन्नाटा छाने लगा। गर्मी और लू का प्रभाव इस कदर दिखाई दे रहा है कि पार्क,मॉल,बाजार और प्राणि उद्यान आमतौर पर सुनसान दिखाई दे रहे हैं। भीषण गर्मी के बीच बिजली की मांग पूरी करते ट्रांसफार्मर हांफ रहे हैं जिसके चलते बिजली की आवाजाही आम हो चुकी है। प्रदेश के अधिकतर जिलों में कक्षा आठ तक के स्कूलों में गर्मी की छुट्टियां कर दी गयी हैं। मौसम के तल्ख तेवरों के बीच सरकारी और निजी अस्पतालों के बाहृय रोगी विभाग (ओपीडी) में भीड़ बढ़ गयी है। 

जानिए डॉक्टर्स की सलाह 

चिकित्सकों ने लोगों से पर्याप्त मात्रा में पेय पदार्थो का सेवन करने और सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक बाहर न निकलने की सलाह दी है। हृदय रोगियों से अपील की गयी है कि वे डाक्टरी परामर्श से ली गयी दवा के नियमित सेवन करें और अपरिहार्य स्थितियों में मेडिकल स्टोर का रुख न करके डाक्टर से सलाह लेकर दवाओं का सेवन करें। 

इस बीच मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और पूर्वी उत्तर प्रदेश में 19 से 25 मई तक मौसम मुख्यतः शुष्क बना रहेगा। इस दौरान 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने की संभावना है, जिनकी गति झोंकों के साथ 40 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। 

पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्सों में 22 मई के बाद कहीं-कहीं हल्की बारिश और गरज-चमक की संभावना जताई गई है, लेकिन इससे तापमान में अधिक राहत मिलने के आसार नहीं हैं। मौसम विशेषज्ञों ने लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा लू से बचाव के लिए सिर ढककर बाहर निकलने की सलाह दी है। चिकित्सकों ने बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को विशेष सावधानी बरतने को कहा है।

ये भी पढ़ें : 
लखनऊ में बड़े मंगल पर कचरे का होगा प्रॉपर समाधान, 370 पंजीकृत भंडारों को बनाया 'जीरो वेस्ट', सिंगल यूज प्लास्टिक का प्रयोग न करने का संदेश

संबंधित समाचार

टॉप न्यूज

बीएचयू प्रश्न पत्र विवाद : अजय राय बोले- नफरत और विभाजन की राजनीति से शिक्षा संस्थानों को दूर रखा जाना चाहिये
India-Estonia Relations: पीएम मोदी का इंतजार कर रहा है यह यूरोपीय देश, द्विपक्षीय रिश्तों को मजबूत करने के लिए कही बड़ी बात
Ahaan Panday : पहली बार स्क्रीन पर डांस करते नजर आएंगे अहान पांडे, 'सैयारा' के इंटेंस लुक के बाद दिखेगा रोमांटिक डांसर अंदाज
अमल क्लूनी पुरस्कार विजेता नैना को डीएम ने किया सम्मानित, बहराइच की बेटी ने लंदन में बढ़ाया देश का मान
गोरखपुर में जूनियर नेशनल रोइंग चैंपियनशिप : हीट्स मुकाबलों में यूपी का शानदार प्रदर्शन, इन खिलाड़ियों ने बनाई सेमीफाइनल में जगह