योगी सरकार का बड़ा तोहफा: आज से प्रदेश के अनुदेशकों को मिलेगा बढ़ा हुआ मानदेय, सीएम करेंगे शुरुआत
लखनऊः उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज अंशकालिक अनुदेशकों के बढ़े मानदेय का वितरण करेंगे। प्रदेश सरकार आज पूरे राज्य में बढ़े हुए मानदेय वितरण और सम्मान समारोह का आयोजन कर रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शाम चार बजे लोकभवन सभागार में राज्यस्तरीय कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए इसकी शुरुआत करेंगे। मुख्य कार्यक्रम का सभी 75 जिलों में सीधा प्रसारण होगा। हर जिले में भी समानांतर भव्य आयोजन किए जाएंगे। इनमें प्रभारी मंत्री, सांसद, विधायक, जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी और अन्य जनप्रतिनिधि-अधिकारी मौजूद रहेंगे। राज्यस्तरीय और जिला स्तरीय कार्यक्रमों के समापन पर जनप्रतिनिधि अंशकालिक अनुदेशकों को बढ़े हुए मानदेय के प्रतीकात्मक चेक सौंपेंगे।
कार्यक्रमों में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां और जनप्रतिनिधियों के संबोधन भी रखे गए हैं। सरकार ने पहले ही शासनादेश जारी कर अंशकालिक अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी की थी। यह बढ़ा हुआ मानदेय एक अप्रैल से लागू हो चुका है। अब उसी के तहत औपचारिक रूप से चेक वितरण हो रहा है। बेसिक एवं माध्यमिक शिक्षा विभाग के अपर मुख्य सचिव पार्थ सारथी सेन शर्मा ने सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है।
इसमें कहा गया है कि कार्यक्रम के साथ-साथ जिलों में भी गरिमामय आयोजन हो। कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए और बड़ी संख्या में शिक्षकों, अंशकालिक अनुदेशकों व आमजन की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। सरकार के इस कदम से प्रदेश के हजारों अंशकालिक अनुदेशकों को सीधा लाभ मिलेगा।
