बरेली उपद्रव: तौकीर पर शिकंजा कसने की तैयारी, एसएसपी बोले-कोर्ट में मजबूत पैरवी को मॉनिटरिंग सेल रखेगी नजर
बरेली, अमृत विचार। शहर में उपद्रव कराने आरोपी आईएमसी प्रमुख मौलाना तौकीर रजा की मुश्किले कम होने का नाम नहीं ले रहीं। वहीं एसएसपी अनुराग आर्य के रवैये से भी साफ है कि उपद्रव मामले के किसी आरोपी के खिलाफ किसी तरह रहम का खाना नहीं छोड़ा जाएगा। यही वजह है कि पुलिस तौकीर और दूसरे आरोपियों के खिलाफ दर्ज सभी मामलों चार्जशीट तो दाखिल कर ही चुकी है, और अब अदालत में मजबूत पैरवी के लिए कमर की है। बुधवार को एसएसपी अनुराग आर्या ने इस बात की जानकारी दी।
मजबूत पैरवी को विशेष टीम गठित
बता दें कि शहर के चर्चित उपद्रव मामले में पुलिस और अभियोजन विभाग ने आरोपियों को जल्द सजा दिलाने के लिए तैयारी तेज कर दी है। मुख्य आरोपी मौलाना तौकीर रजा समेत 94 आरोपियों के खिलाफ दर्ज मुकदमों में चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है। अब कोर्ट में तेजी से ट्रायल शुरू कराने और मजबूत पैरवी के लिए विशेष टीम गठित की गई है। टीम वीडियो फुटेज, फॉरेंसिक रिपोर्ट, डिजिटल साक्ष्य और गवाहों के बयानों को व्यवस्थित कर अभियोजन पक्ष को मजबूत करेगी।
रची थी दंगा भड़काने की साजिश
पुलिस के अनुसार 26 सितंबर को कानपुर के “आई लव मुहम्मद” प्रकरण की आड़ में शहर में बड़े स्तर पर हिंसा भड़काने की साजिश रची गई थी। आरोप है कि मौलाना तौकीर रजा के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग सड़कों पर उतरे और पुलिस पर हमला कर दिया। कई इलाकों में पथराव, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं हुईं, जिससे शहर में तनाव फैल गया था।
पुलिस पर फेंके थे पेट्रोल बम
जांच में यह भी सामने आया कि उपद्रव की तैयारी पहले से की गई थी। आरोपियों ने पेट्रोल बम और एसिड बम तैयार किए थे, जबकि पुलिस पर हमला करने के लिए अवैध असलहे भी मंगाए गए थे। हिंसा के दौरान कई पुलिसकर्मी घायल हुए थे। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने और लाठीचार्ज करना पड़ा था। उस समय तत्कालीन एसएसपी अनुराग आर्य ने खुद मोर्चा संभाला था।
पुलिस ने 10 मुकदमें किए थे दर्ज
घटना के बाद पांच थानों में 10 मुकदमे दर्ज किए गए थे। पुलिस ने करीब तीन हजार अज्ञात और 125 नामजद आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की थी। दो दिनों के भीतर 94 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था। फिलहाल मामले से जुड़े दो अहम मुकदमों की जांच क्राइम ब्रांच कर रही है। नोडल अधिकारी (कंविक्शन) अंशिका वर्मा ने बताया कि सभी मामलों में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। अब पुलिस की प्राथमिका है केस जल्द ट्रायल में आए और आरोपियों को जल्द सजा दिलाई जा सके।
जानिए क्या बोले एसएसपी अनुराग आर्या
एसएसपी अनुराग आर्या ने बताया कि सभी 10 मामलों में चार्जशीट दायर कर दी गई है। पुलिस कार्यालय की मॉनिटरिंग सेल को इन मामलों की लिस्ट दी गई है। गवाहों की समय से गवाही और साक्ष्य समय से कोर्ट में पेश हो जाएं। नियमित रूप से अभियोजन के अधिकारियों संग समन्वय कायम कर नियमित रूप से मॉनिटरिंग की जाएगी।
एक आरोपी को अग्रिम जमानत मिली
इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने पिछले वर्ष बरेली में हुई हिंसा के मामले में आरोपी अल्तमस खान को सोमवार को अग्रिम जमानत दे दी। न्यायमूर्ति आशुतोष श्रीवास्तव ने यह फैसला किया। उल्लेखनीय है कि पिछले वर्ष 26 सितंबर को मौलाना तौकीर रजा ने एक विशेष समुदाय के लोगों से बरेली के इस्लामिया इंटर कॉलेज परिसर में एकत्रित होने का आह्वान किया था। बीएनएसएस की धारा 163 लागू होने के बावजूद करीब 500 लोग जमा हुए और मौलाना आजाद इंटर कॉलेज से श्यामगंज चौराहा की तरफ बढ़ने लगे। तख्ती लिए भीड़ ने कथित तौर पर भड़काऊ नारे लगाए और मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों की चेतावनी को नजरअंदाज किया। स्थिति उस समय बिगड़ गई जब भीड़ में शामिल लोग उग्र हो गए और आगे बढ़ने पर अड़ गए। इसके बाद, उन्होंने कथित तौर पर पुलिस कर्मियों पर पथराव किया और तेजाब की बोतलें फेंकी। इस दौरान पुलिस कर्मियों पर कथित तौर पर गोली भी चलाई गईं।
