बाराबंकी : संविदा कर्मचारियों ने मानदेय भुगतान को लेकर आज भी किया विरोध प्रदर्शन

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

रामसनेहीघाट/बाराबंकी, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा कर्मचारियों ने लंबित मानदेय भुगतान को लेकर बुधवार को तीसरे दिन भी सीएचसी बनीकोडर समेत जिलेभर में काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया। 

भारतीय मजदूर संघ से सम्बद्ध उप्र राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन संविदा कर्मचारी संघ के आह्वान पर चल रहे आंदोलन में संविदा चिकित्सक, एएनएम, स्टाफ नर्स, लैब टेक्नीशियन, सीएचओ, पैरामेडिकल स्टाफ, बीपीएम और बीसीपीएम समेत बड़ी संख्या में कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।

प्रांतीय अध्यक्ष ठाकुर मयंक प्रताप सिंह के निर्देश तथा जिला अध्यक्ष राम प्रताप सिंह के नेतृत्व में कर्मचारियों ने शांतिपूर्ण ढंग से विरोध दर्ज कराया। जिला महामंत्री डॉ. रईस खान और मंडल अध्यक्ष डॉ. ज्ञानेन्द्र भारती ने बताया कि मार्च और अप्रैल 2026 का मानदेय अब तक जारी नहीं हुआ है, जिससे कर्मचारियों के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।

संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि 20 मई तक भुगतान नहीं हुआ तो 21 मई से प्रदेशव्यापी कार्य बहिष्कार शुरू किया जाएगा। हालांकि जनहित को देखते हुए इमरजेंसी सेवाएं जारी रखने की बात कही गई है।

संबंधित समाचार