Raebareli News : राहुल गांधी के विवादित बयान पर मंत्री दिनेश सिंह का पलटवार, कहा- रायबरेली की जनता देगी जवाब
रायबरेली। उत्तर प्रदेश सरकार में राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. दिनेश प्रताप सिंह ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोलते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह को कथित रूप से "गद्दार" कहे जाने वाले बयान को निंदनीय बताया है। बुधवार को जारी बयान में डॉ. दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि राहुल गांधी ने रायबरेली की पावन भूमि से देश, देशवासियों और प्रधानमंत्री का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि राजनीतिक शिष्टाचार की सभी सीमाएं लांघते हुए राहुल गांधी ने ऐसा बयान दिया है, जिसे भारतीय जनता पार्टी का कोई भी कार्यकर्ता और देश की जनता स्वीकार नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी अपने दम पर नहीं, बल्कि कांग्रेस और अन्य दलों के समर्थन से सांसद बने हैं। मंत्री ने आरोप लगाया कि गांधी परिवार ने हमेशा भारतीय संस्कृति और परंपराओं का अपमान किया है।
उन्होंने कहा कि रायबरेली की जनता सब जानती है और समय आने पर इसका जवाब भी देगी। डॉ. सिंह ने राहुल गांधी के बारातघर उद्घाटन कार्यक्रम पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि गांधी परिवार का कोई सदस्य कभी रायबरेली की बेटियों के सुख-दुख में शामिल नहीं हुआ।
उन्होंने राहुल गांधी के बयान को "सफेद झूठ" करार देते हुए कहा कि जनता अब ऐसे बयानों पर विश्वास नहीं करती। राज्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह पर इस तरह की टिप्पणी लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि भविष्य में भी राहुल गांधी भारतीय संस्कृति और देश का अपमान करेंगे तो रायबरेली की जनता उन्हें जवाब देगी।
