Sambhal News : अवैध खनन पर बड़ी कार्रवाई, मझोला पुलिस चौकी का पूरा स्टाफ सस्पेंड

Amrit Vichar Network
Published By Pradeep Kumar
On

अवैध खनन के खेल में फंसे चौकी इंचार्ज समेत सभी पुलिसकर्मी निलंबित, रात की रेड में खुला काला कारोबार

संभल, अमृत विचार। उत्तर प्रदेश के संभल जिले में अवैध खनन और पुलिस की मिलीभगत का बड़ा खेल सामने आने के बाद पुलिस अधीक्षक कृष्ण कुमार बिश्नोई ने ऐसा एक्शन लिया, जिससे पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। बहजोई थाने की मझोला पुलिस चौकी पर तैनात पूरे स्टाफ को एक साथ निलंबित कर दिया गया है। चौकी इंचार्ज से लेकर सिपाहियों तक पर गिरी इस गाज के बाद विभाग में खलबली मची हुई है।

दरअसल, मझोला चौकी क्षेत्र में लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध खनन की शिकायतें मिल रही थीं। मामला लगातार ऊपर तक पहुंच रहा था, जिसके बाद एसपी ने 16 मई की रात विशेष छापेमारी के आदेश दिए। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां का नजारा देखकर अधिकारी भी चौंक गए। मौके पर बड़े स्तर पर अवैध खनन चल रहा था।

कार्रवाई के दौरान छह ट्रैक्टर-ट्रॉली, एक जेसीबी मशीन और एक बाइक जब्त की गई। शुरुआती जांच में साफ हो गया कि खनन के लिए किसी प्रकार की वैध अनुमति नहीं ली गई थी और पूरा कारोबार खुलेआम अवैध तरीके से संचालित हो रहा था।

इसके बाद जब स्थानीय पुलिस की भूमिका की जांच कराई गई तो बड़ा खुलासा हुआ। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि मझोला चौकी पर तैनात पुलिसकर्मियों की मिलीभगत से ही खनन माफिया बेखौफ होकर अवैध कारोबार चला रहे थे।

जांच रिपोर्ट मिलते ही एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने चौकी प्रभारी सुनील कुमार, हेड कांस्टेबल विशाल कुमार और सिपाही दीपक भट्ट व सोनपाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। पूरी चौकी पर एक साथ हुई कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में सनसनी फैल गई।

सूत्रों की मानें तो जिले में अवैध खनन को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं, लेकिन इस कार्रवाई ने साफ संदेश दे दिया है कि अब खनन माफियाओं से सांठगांठ करने वाले पुलिसकर्मी भी नहीं बचेंगे।

एसपी ने सख्त लहजे में कहा कि अवैध खनन या किसी भी गैरकानूनी गतिविधि में शामिल पुलिसकर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई जारी रहेगी। साथ ही सभी थाना और चौकी प्रभारियों को चेतावनी दी गई है कि अपने क्षेत्रों में अवैध गतिविधियों पर पूरी निगरानी रखें, नहीं तो जिम्मेदारी तय कर सीधी कार्रवाई होगी।

संबंधित समाचार