बाराबंकी : डीएम ने खाद विक्रेताओं और अधिकारियों के साथ की बैठक, बोले- खाद वितरण में गड़बड़ी पर होगी सख्त कार्रवाई

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जिलाधिकारी ईशान प्रताप सिंह की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट लोकसभागार में खाद वितरण व्यवस्था को लेकर थोक उर्वरक विक्रेताओं, कृषि एवं सहकारिता विभाग के अधिकारियों की बैठक आयोजित हुई। बैठक में डीएम ने किसानों को समय से निर्धारित दर पर उर्वरक उपलब्ध कराने और वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए।

डीएम ने स्पष्ट कहा कि कोई भी थोक विक्रेता अनुदानित खाद के साथ जिंक, सल्फर, पोटाश या अन्य गैर अनुदानित उत्पाद खरीदने के लिए फुटकर विक्रेताओं को बाध्य नहीं करेगा। शिकायत मिलने पर संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी विकास खंडों में खाद की समान उपलब्धता सुनिश्चित करने, दुकानों पर स्टॉक एवं रेट बोर्ड प्रदर्शित करने तथा बिक्री पंजिका व स्टॉक रजिस्टर अद्यतन रखने के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने कहा कि प्रत्येक 15 दिन में उर्वरक बिक्री केंद्रों की रेंडम जांच कराई जाएगी और किसानों से फीडबैक भी लिया जाएगा। साथ ही दुकानों पर संबंधित एसडीएम, सीओ और विभागीय अधिकारियों के मोबाइल नंबर अंकित करने के निर्देश दिए गए। उन्होंने चेतावनी दी कि अनियमितता मिलने पर उर्वरक नियंत्रण आदेश-1985 एवं आवश्यक वस्तु अधिनियम-1955 के तहत कार्रवाई की जाएगी। बैठक में एडीएम निरंकार सिंह, उप निदेशक कृषि धीरेंद्र सिंह, जिला कृषि अधिकारी राजित राम समेत संबंधित अधिकारी व उर्वरक विक्रेता मौजूद रहे।

संबंधित समाचार