लखनऊ : बैकुंठ धाम पहुंच रही प्रतीक यादव की शव यात्रा, शव वाहन पर सवार हुए सांसद आदित्य यादव
अमृत विचार : समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार लखनऊ के बैकुंठ धाम पर होगा। उनकी शव यात्रा निकल चुकी है। यादव परिवार के तमाम सदस्य साथ में हैं। सांसद धर्मेंद्र यादव, सांसद आदित्य यादव के अलावा सपा के कई समर्थक साथ चल रहे हैं। भाजपा के कई नेता और मंत्रियों ने भी घर पहुंचकर प्रतीक यादव को श्रद्धांजलि दी है।
गुरुवार की सुबह सपा सांसद डिंपल यादव, प्रतीक यादव के घर पहुंचीं। उनके अलावा परिवार के कई और सदस्य भी घर गए। अभी प्रतीक यादव की शव यात्रा निकल रही है।प्रतीक की अंतिम विदाई में सपा और भाजपा नेताओं की भारी भीड़ जुटी है। गमगीन माहौल में उनका शव बैकुंठ धाम की तरफ बढ़ रहा है। शिवपाल सिंह यादव के बेटे और बदायूं से सांसद आदित्य यादव शव वाहन पर सवार हैं। उधर, बैकुंठ धाम पर अंतिम संस्कार की तैयारियां पूर्ण हो चुकी हैं।
बुधवार को प्रतीक यादव की मौत हो गई थी। उन्हें सुबह 6 बजे सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया था।
प्रतीक यादव, मुलायम सिंह यादव की दूसरी पत्नी साधना गुप्ता के बेटे हैं। सैफई में उनकी शादी धूमधाम के साथ की गई थी। प्रतीक की पत्नी अपर्णा यादव अभी राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष हैं।
प्रतीक की मौत के बाद पूरा यादव परिवार गमगीन है। सैफई से लेकर लखनऊ तक गम पसरा है और सभी प्रतीक को याद कर रहे हैं। अखिलेश यादव भाई की मौत पर भावुक हो गए और उनकी आंखें नम हो गईं। अखिलेश, केजीएमयू स्थित पोस्टमार्टम हाउस भी गए थे।
प्रतीक यादव, रियल एस्टेट और फिटनेस कारोबार में सक्रिय थे। 38 वर्षीय प्रतीक की असमय मौत ने हर किसी को झकझोर दिया है। इसलिए भी क्योंकि प्रतीक फिटनेस को लेकर बचपन से ही काफी सजग रहे हैं। ऐसे में महज 38 साल की उम्र में उनकी मौत ने सभी को हैरान कर दिया है।
ये भी पढ़ें :
Prateek Yadav Funeral : प्रतीक यादव का अंतिम संस्कार, लखनऊ के बैकुंठ धाम में दी जाएगी अंतिम विदाई
