Barabanki News : वेतन नहीं तो काम नहीं... संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों का अनिश्चितकालीन धरना शुरू

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

रामनगर/फतेहपुर, बाराबंकी, अमृत विचार। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) के संविदा स्वास्थ्य कर्मचारियों ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर गुरुवार से धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। रामनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर में कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया, जबकि फतेहपुर में वेतन नहीं तो काम नहीं के नारे के साथ कार्य बहिष्कार कर स्वास्थ्य सेवाओं को प्रभावित कर दिया। 

कर्मचारियों की प्रमुख मांगों में नियमितीकरण, समयबद्ध मानदेय भुगतान और स्वास्थ्य बीमा सुविधा शामिल हैं। उन्होंने कहा कि वे लंबे समय से स्वास्थ्य सेवाओं में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं, विशेषकर कोरोना काल में, लेकिन इसके बावजूद उन्हें नियमित कर्मचारियों जैसी सुविधाएं नहीं मिल पा रही हैं। 

इस दौरान रामानुज सिंह, समीर अहमद, रेनू, यशपाल सिंह, शिवानी, नीलम वर्मा, प्रियंका यादव, अनन्या दुबे, पूनम और अर्चना सहित कई कर्मचारी शामिल रहे। वहीं फतेहपुर सीएचसी में प्रदर्शन कर रहे संविदा कर्मचारियों ने बताया कि मार्च और अप्रैल माह का मानदेय अभी तक नहीं मिला है, जिससे उन्हें आर्थिक संकट का सामना करना पड़ रहा है। कई कर्मचारियों ने बच्चों की फीस, परिवार के भरण-पोषण और दैनिक जरूरतों के लिए कर्ज लेने की मजबूरी बताई।

धरने में ब्लॉक अध्यक्ष सत्य प्रकाश सिंह, महिला मंत्री रीता मिश्रा, डॉ. आशीष कुमार, शिव विशाल, आनंद वाजपेयी, अखिलेश कुमार, अमित चतुर्वेदी, ललित कुमार, कन्हैया चौधरी और भानू मिश्रा समेत अन्य कर्मचारी मौजूद रहे। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

संबंधित समाचार