Barabanki News: नजरी नक्शा व सीमा चिन्हांकन में राजस्व कर्मियों का सहयोग जरूरी, अभिषेक सिंह ने प्रशासन से की यह बड़ी मांग

Amrit Vichar Network
Published By Deepak Mishra
On

बाराबंकी, अमृत विचार। जनगणना 2027 के प्रथम चरण का शुभारंभ 22 मई से हो चुका है, जो 20 जून तक चलेगा। इस राष्ट्रीय कार्य में बड़ी संख्या में शिक्षक एवं शिक्षिकाएं जिम्मेदारी निभा रहे हैं। उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह ने कहा कि प्रदेश में पड़ रही भीषण गर्मी और लू के बीच जनगणना कार्य कर रहे शिक्षकों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ सकता है। विशेष रूप से महिला शिक्षिकाओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को लेकर प्रशासन को संवेदनशीलता दिखानी चाहिए। 

उन्होंने कहा कि नजरी नक्शा निर्माण और सीमा चिन्हांकन जैसे तकनीकी कार्यों में तहसील स्तर के राजस्व एवं संबंधित विभागीय कर्मचारियों का सहयोग अनिवार्य रूप से मिलना चाहिए। सहयोग के अभाव में शिक्षकों को अनावश्यक विवादों और कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में तहसील एवं राजस्व विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देशित किया जाए कि वे सीमा चिन्हांकन एवं नजरी नक्शा निर्माण कार्य में शिक्षकों को पूर्ण सहयोग प्रदान करें। 

अभिषेक सिंह ने प्रशासन से मांग की कि जनगणना कार्य में लगे शिक्षकों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए जाएं। साथ ही भीषण गर्मी को देखते हुए कार्य व्यवस्था में मानवीय दृष्टिकोण अपनाया जाए और ग्रीष्मकालीन अवकाश में कराए जा रहे जनगणना कार्य के बदले नियमानुसार अर्जित अवकाश देने की घोषणा भी शीघ्र की जाए।

संबंधित समाचार