Bareilly News: नगर निगम ईंधन की खपत कंट्रोल करने में जुटा, इलेक्ट्रिक कार से चलने लगे मेयर और उनका स्टॉफ

Amrit Vichar Network
Published By Muskan Dixit
On

बरेली, अमृत विचार : पश्चिम एशिया संकट के कारण दुनियाभर में ईंधन संकट गहराया है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आह्वाान पर जनप्रतिनिधियों से लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के काफिले से गाड़ियां छंटने लगी हैं। फोटो सेशन भी खूब हो रहा है। कोई विधायक ई-रिक्शा से चल रहे हैं तो कोई मेट्रो, बस में सफर करते देखे जा रहे हैं। इस बीच बरेली के मेयर उमेश गौतम इलेक्ट्रिकल व्हीकल (ईवी) पर शिफ्ट कर गए हैं। मेयर ने अपने साथ एस्कॉर्ट को भी ईवी उपलब्ध कराया है। उन्होंने कहा कि जनता के बीच लगातार बने रहने के लिए वाहन की जरूरत तो पड़ेगी, इसलिए क्यों न ईवी का विकल्प चुना जाए। वह इलेक्ट्रॉनिक कार से ही ऑफिस आ रहे हैं और शहर में भ्रमण भी कर रहे हैं। 

उधर, नगर निगम ने कम ईंधन खर्च पर काम चलाने के प्रयास शुरू कर दिए हैं। जनरेटर का उपयोग सीमित करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही सभी कर्मचारियों से भी कम से कम ईंधन यूज करने का आह्वान किया है।

मेयर ने कहा कि पीएम मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ लगातार ईंधन बचत और ऊर्जा संरक्षण की अपील कर रहे हैं। नगर निगम उसी संदेश को जमीन पर उतारने का प्रयास कर रहा है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से भी अपील की कि अनावश्यक वाहन चलाने से बचें और वैकल्पिक ऊर्जा साधनों को अपनाएं।

मेयर कहते हैं कि यदि सरकारी विभाग खुद पहल करेंगे तो आम लोग भी प्रेरित होंगे। इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने से न केवल ईंधन की बचत होगी, बल्कि प्रदूषण कम करने में भी मदद मिलेगी। नगर निगम आने वाले समय में और भी विभागीय कार्यों में ऊर्जा बचत मॉडल लागू करने की तैयारी कर रहा है। इससे शहर में एक अच्छा संदेश जाएगा। आम लोग भी छोटी-छोटी कोशिश से ईंधन की बड़ी बचत करके, देश के साथ खड़े होंगे।

संबंधित समाचार